कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र में ऑल इंडिया इंटर एनआईटी वॉलीबॉल प्रतियोगिता के दौरान कड़े मुकाबले देखने को मिले। एनआईटी के खेल मैदान में वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला, तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश की 31 एनआईटी के करीब 400 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें 20 टीमें पुरुष और 15 टीमें महिला वर्ग की शामिल हैं।
प्रो. डॉ. पीसी तिवारी ने बताया कि पुरुष वर्ग प्रतियोगिता में एनआईटी कुरुक्षेत्र की टीम ने एनआईटी पुदुचेरी को 2-0 से हराया। एनआईटी कालीकट ने एनआईटी सूरतकाल को 2-0 से हराया और एनआईटी त्रिची ने एनआईटी वारंगल को 2-0 से मात दी तो वहीं एनआईटी जालंधर ने एनआईटी दुर्गापुर काे 2-0 के अंतर से पराजित किया और एनआईटी भोपाल ने एनआईटी मणिपुर को 2-0 से हराया जबकि एनआईटी नागपुर ने एनआईटी आंध्रप्रदेश को 2-1 से कड़ी शिकस्त दी और एनआईटी जमशेदपुर ने सूरतकाल को 2-0 से पराजित किया।
इसी प्रकार महिला वर्ग प्रतियोगिता में एनआईटी त्रिची की टीम ने एनआईटी सूरत को 2-1 के अंतर से मात दी और एनआईटी नागपुर ने एनआईटी कालीकट को 2-0 के अंतर से हराया तो वहीं एनआईटी रायपुर ने एनआईटी उत्तराखंड को 2-0 से मात दी। खेल अधिकारी शाहबुद्दीन ने बताया कि तीन मार्च रविवार को विजेता रही टीमों के बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सेमी फाइनल और उसके बाद फाइनल मुकाबला होगा। दूसरे दिन लीग मैच में सभी टीमों के खिलाड़ियों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर देकर मैच को रोमांच से भर दिया। उन्होंने बताया कि आज रविवार को विजेता खिलाड़ियों को वॉलीबॉल खिलाड़ी अर्जुन अवार्डी डॉ. दलेल सिंह सम्मानित करेंगे।