कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (केयू) थर्ड गेट पुलिस चौकी के निकट एक डंपर ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया। इसमें महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल है।
जिले के गांव मुर्तजापुर निवासी 43 वर्षीया बबली रानी अपने पति ओमप्रकाश सिंगला के साथ सोमवार को मोटरसाइकिल पर कुरुक्षेत्र दवा लेने आई थी। केयू थर्ड गेट के समीप एक डंपर की टक्कर लगने से बबली की मौके पर ही मौत हो गई।
मुर्तजापुर निवासी सिंगला परिवार के लिए 31 मार्च की दुर्घटना एक बार फिर पुराने जख्मों को हरा कर गई। आठ साल पहले आज ही दिन सिंगला परिवार के आठ लोगों की लाशें ज्योतिसर के निकट नहर से मिली थीं।
मृतका कुरुक्षेत्र के बहुचर्चित आत्महत्या प्रकरण में मारे गए व्यापारी मामचंद सिंगला के सगे छोटे भाई की पत्नी थी। इससे एक बार फिर घर में मातम छा गया। शाम को गांव मुर्तजापुर में मृतका का अंतिम संस्कार किया गया।
अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय सचिव खरैतीलाल सिंगला, पिहोवा नगर पालिका की चेयरमैन शीला सिंगला, पिहोवा राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जनकराज सिंगला, अशोक सिंगला, उद्योगपति सतनारायण सिंगला एवं अन्य लोगों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और अंतिम यात्रा में शामिल हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।