हाड़ कंपा देने वाली ठंड बढ़ती जा रही है। शनिवार को धर्मनगरी धुंध के आगोश में रही। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
नेशनल हाईवे सहित अन्य मार्गों पर वाहन रेंग-रेंगकर चले। दिनभर कोहरा छाया रहा और पूरे दिन सूर्य देव ने दर्शन नहीं दिए। जबरदस्त ठंड के कारण लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर हो गए। इसके चलते रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और बाजारों में बहुत कम लोग दिखाई दिए।
सरकारी कार्यालयों से लेकर निजी संस्थानों तक में ठंड का असर दिखाई दिया। कई कार्यालयों में कर्मचारी ठंड से राहत पाने के लिए अपने-अपने तरीके आजमाते रहे। बाजारों में भी लोग ने अलाव का सहारा लिया।
स्कूली बच्चे होने लगे बेहाल
कड़ी ठंड से स्कूली बच्चे भी बेहाल होने लगे है। शिक्षा विभाग ने सर्दी की छुट्टियां 25 दिसंबर से आठ जनवरी तक थी। उस समय सर्दी कम रही। अब स्कूल खुल चुके हैं और कड़ाके की ठंड में बच्चोें को स्कूल जाना पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि विभाग को अब छुट्टी कर देनी चाहिए, जिससे बच्चों को बीमार होने से बचाया जा सके।
26 जनवरी को बूंदाबांदी की उम्मीद
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार 26 जनवरी को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इससे सर्दी से राहत मिल सकती है। कृषि वैज्ञानिकों का यह भी अनुमान है कि सर्दी अगले 10 दिनों तक जारी रह सकती है।
तीन डिग्री पर आया पारा
कड़ाके की ठंड के बीच शनिवार को पारा गिरकर तीन डिग्री पर आ गया। पूरे जनवरी माह में पारा पांच डिग्री के आसपास ही रहने की उम्मीद जताई जा रही है। पिछले वर्ष दिसंबर माह में 6.8 डिग्री तापमान रहा था। इस वर्ष भी जनवरी माह में तापमान 6 डिग्री के आसपास ही था। हालांकि कुछ दिन से पारा लगातार गिरता आ रहा है।
सर्दी, कोहरे से जन जीवन अस्त व्यस्त
इस्माईलाबाद। जबरदस्त सर्दी और कोहरे से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सर्दी के साथ चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों का घर से निकलना दुश्वार कर दिया है। हालांकि, शुक्रवार को दोपहर बाद बादल छंटने से धूप निकली थी। इससे लोगों को थोड़ी राहत भी महसूस हुई थी।
लेकिन, शाम होते ही ठंडी हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को घरों में दुबकने के लिए मजबूर कर दिया। कस्बे और क्षेत्र में न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक गिर गया है। ठंड से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। ठंड अधिक होने से इसका भी कोई असर दिखाई नहीं दे रहा। ठंड और कोहरा पड़ने के कारण पशुओं के हरे चारे में भी खासी कमी आई है।
ग्रामीण सूरज, प्रेम, सोमी, संजीव कुमार, अनिल कुमार शर्मा, कुलदीप आदि ने बताया कि ठंड के मौसम में भी बिजली विभाग हर एक घंटे के बाद अघोषित कट लगा देता है। इससे परेशानी बढ़ जाती है।