थानेसर के कालेश्वर तीर्थ के सौंदर्यकरण कार्य का शिलान्यास करते मुख्यमंत्री मनोहर लाल ।
- फोटो : Kurukshetra
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को कालेश्वर तीर्थ सहित 3.8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले चार प्रोजेक्टों का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के तीर्थो और पर्यटन स्थलों को दर्शनीय स्थलों के रुप में विकसित किया जाएगा।
इस प्रोजेक्ट के तहत ही गुमथला गढु के सोमतीर्थ, भौर सैंयदा के भूरीश्रवा तीर्थ, थानेसर के कालेश्वर तीर्थ, गांव मांगना के सप्त सारस्वत तीर्थ का जीर्णोद्घार और सुंदरीकरण का काम किया जा रहा है। इतना ही नहीं सरकार द्वारा श्रीकृष्णा सर्किट के तहत, ब्रहमसरोवर, सन्निहित सरोवर, गीतास्थली ज्योतिसर और नरकरतारी तीर्थ व पर्यटन स्थलों को विकसित करने के लिए 97.50 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है, इस राशि से तकरीबन सभी कार्य पूरे होने की स्थिति में पहुंच गए है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंगलवार को थानेसर अनाज मंडी में पौधागीरी कार्यक्रम के दौरान इन प्रोजेक्ट का शिलान्यास करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
प्राचीन कालेश्वर तीर्थ पर घाटों का निर्माण किया जाएगा और तीर्थ परिसर को भव्य स्वरूप देने के लिये यहां सुंदर पत्थर भी लगाए जाएंगे। इसी तरह भौर सैदां के तीर्थ पर घाटों के निर्माण के साथ एक पिक्चर गैलरी भी बनाई जाएगी, ताकि पर्यटक मगरमच्छ विहार को अच्छी तरह से निहार सके। उन्होंने कहा कि गांव मांगना और गुमथला गढु के तीर्थ पर भी घाटों का निर्माण और सुंदरीकरण का कार्य किया जाएगा।