कुरुक्षेत्र में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की महिला वॉलीबाल टीम ने 46 वर्ष बाद नया इतिहास रचा है। सोमवार देर शाम खेले गए रोमांचक मुकाबले में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने कालीकट यूनिवर्सिटी को हराकर आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी महिला वॉलीबाल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया है। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के कुलपति हरदीप कुमार व कुलसचिव डा. प्रवीण कुमार सैनी ने इसके लिए टीम को बधाई दी है। बताना जरूरी है कि कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में 16-21 मार्च के बीच हुई आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वालीबाल महिला प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार देर शाम कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी एवं दक्षिण क्षेत्र की विजेता कालीकट यूनिवर्सिटी के बीच खेला गया। इस मुकाबले में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने कालीकट यूनिवर्सिटी को कड़े संघर्ष में 15-25, 26-24, 25-20, 25-17 से पराजित कर खिताब जीता। कुरुक्षेत्रयूनिवर्सिटी ने यह खिताब महिला वर्ग में 46 साल बाद जीता है। इससे पहले यह खिताब 1970 में जीता था। पिछले पांच वर्षों से कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की टीम इस खिताब के लिए संघर्ष कर रही थी। दूसरे व तीसरे स्थान पर रहने के बाद सोमवार को कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की टीम ने 2016 में एक नया इतिहास रच दिया। फाईनल मैच बहुत ही कांटेदार था। मैच का पहला सेट कालीकट ने 25-15 से जीतकर 1-0 की शानदार बढ़त बनाई लेकिन कुरुक्षेत्र की खिलाडिय़ों ने दूसरा और तीसरा सेट जीतकर 2-1 की बढ़त बना ली। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी टीम की कप्तान निशा चौहान के शानदार प्रदर्शन से चौथा सेट जीता एवं ट्राफी जीती। निशा के अतिरिक्त नेहा, प्रीति, मंजू, साहिल का प्रदर्शन अच्छा रहा। कालीकट की ओर से अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी श्रुति एम का प्रदर्शन सराहनीय रहा। इस प्रतियोगिता में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने प्रथम, यूनिवर्सिटी ऑफ कालीकट ने द्वितीय, एमजी यूनिवर्सिटी ने तृतीय तथा पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने चौथे स्थान पर रही। तीसरे व चौथे स्थान के लिए एमजी यूनिवर्सिटी कोट्टयम ने पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला को 25-18,25-17,25-19 से पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। केयू टीम कप्तान निशा चौहान को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया और यूनिवर्सिटी खेल परिषद की ओर से 5100 रूपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह पर पूर्व भारतीय कप्तान एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता रनबीर सिंह मुख्य अतिथि थे। उन्होंने अपने संबोधन में खिलाडिय़ों को नशे से दूर रह कर कड़ी मेहनत एवं अनुशासन में रह कर खेेल भावना से खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस समारोह के विशेष अतिथि पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं ध्यानचंद अवार्डी ओम प्रकाश थे। समापन समारोह में यूनिवर्सिटी के खेल परिषद के अध्यक्ष डॉ. रणपाल सिंह, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अनिल वशिष्ठ, प्रोक्टर प्रो. सीआर ड्रोलिया, डॉ. शालनी मलहोत्रा एआईयू ओबजर्वर, डॉ. डीएस काला, राजेश सोबती व सभी प्रशिक्षक उपस्थित थे।
दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में रात 10 बजे तक लिया मैच का आनंद
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी व कालीकट यूनिवर्सिटी के बीच खेला गए इस रोमांचक मुकाबले का दर्शकों ने खूब आनंद उठाया। दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों ने कभी कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के खिलाडिय़ों तो कभी बेहतरीन प्रदर्शन के लिए कालीकट यूनिवर्सिटी की खिलाडिय़ों की सराहना की। हाईमास्क लाइट में खेले गए इस मुकाबले में खिलाडिय़ों से ज्यादा दर्शकों का रोमांचक देखने लायक था। खिलाडिय़ों के साथ साथ दर्शकों ने भी खिलाडिय़ों के दिलों को जीत लिया।
आउटस्टेंडिग खिलाड़ियों को दिया 1100 रुपये का पुरस्कार
प्रतियोगिता में 10 आउटस्टेंडिंग खिलाड़ियों को 1100 रूपये प्रत्येक का नकद पुरस्कार देकर जिला वालीबाल संघ कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष डीपी चौधरी ने सम्मानित किया। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के खिलाडिय़ों में निशा चौहान, साहिल, प्रीति, निशा, नेहा, एम.जी. यूनिवर्सिटी कोट्टायम की श्रुति जोनी, अननगा एनपी, कालीकट यूनिवर्सिटी की श्रूति एम, अनूश्री तथा हिंदुस्तान यूनिवर्सिटी चेन्नई की आर मोहना वाली को 1100 -1100 रुपए का सम्मान स्वरुप पुरस्कार दिया गया।