कुरुक्षेत्र। केयू के खेल मैदान में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी हैंडबाल पुरुष प्रतियोगिता 2022-23 के फाइनल मैच में सोमवार को केयू ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी फगवाड़ा को कांटे के मुकाबले में 36-31 के स्कोर से हराते हुए चैंपियनशिप जीत ली।
केयू के खेल निदेशक डॉ. राजेश सोबती ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रत्येक जोन की चार टीमें सहित 16 टीमों ने सहभागिता की। फाइनल मैच में केयू की हैंडबॉल टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी फगवाड़ा को 36-31 के स्कोर से हराकर ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी हैंडबॉल पुरुष प्रतियोगिता अपने नाम की।
उन्होंने बताया कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी की टीम को सिल्वर मेडल तथा गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी की टीम को ब्रॉन्ज मेडल मिला। सुबह के सत्र में आयोजित सेमीफाइनल प्रतियोगिता के पहले मैच में केयू ने कडे़ मुकाबले में गुरुनानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर को 23-21 के स्कोर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी फगवाड़ा को 35-25 से स्कोर से पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। उन्होंने बताया कि हार्ड लाइन मैच में गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को 37-22 के स्कोर से हराया।
केयू के कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि कहा कि केयू खेल, शिक्षा, शोध एवं अनुसंधान के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। केयू के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए केयू को गौरवान्वित किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल की भावना से खेलने तथा स्पोर्ट्स विभाग की ओर से खेल के सफल आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा ने केयू की हैंडबॉल टीम के विजेता प्रतिभागियों को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. शुचिस्मिता, डॉ. सुभाष तंवर, डॉ. भूपिंद्र तंवर, डॉ. सौरभ त्रिखा सहित अन्य मौजूद रहे।