केयू केनवनियुक्त कुलपति एवं पब्लिक वर्क्स (बिल्डिंग एंड रोडस) और आर्किटेक्चर विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी हरदीप कुमार ने कहा कि गुणवत्तापरक शिक्षा व शोध के क्षेत्र में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम हो।
सभी के सहयोग से यूनिवर्सिटी राज्य में ही नहीं देश व दुनिया की सर्वश्रेष्ठ यूनिवर्सिटी में शामिल हो, इसके प्रयास किए जाएंगे। वे मंगलवार को देर शाम कुलपति का कार्यभार संभालने के बाद अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उपायुक्त सीजी रजनीकांतन, पुलिस अधीक्षक सिमरनदीप सिंह, यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. केसी रल्हाण, एएसपी सुमेर प्रताप सिंह व एसडीएम सतबीर कुंडू ने उनका स्वागत किया।
कुलपति एवं 1984 बैच के आईएएस अधिकारी हरदीप कुमार ने कहा कि यूनिवर्सिटी टैंपल ऑफ टीचिंग व लर्निंग होता है। छात्र-छात्राओं को हर तरह की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय देश में 10वें स्थान पर है, लेकिन इसके बाद भी हर क्षेत्र में कुछ और अच्छा व नया करने की संभावनाएं रहती हैं।
इस रैंकिंग को और अच्छा करने के लिए मिलकर काम करेंगे। यूनिवर्सिटी में शिक्षण के साथ-साथ खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियां अधिक से अधिक हों ताकि यूनिवर्सिटी में पढ़ने के लिए आने वाले छात्र-छात्राओं का संपूर्ण विकास हो।
उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी की परीक्षा प्रणाली को दुरुस्त करने व काम-काज की गति को बढ़ाने के लिए नई तकनीक का प्रयोग किया जाएगा, परीक्षा पद्धति विद्यार्थियों के लिए फायदेमंद हो इसके भी प्रयास किए जाएंगे। यूनिवर्सिटी में स्टाफ की कमी को दूर किया जाएगा व आर्थिक रूप से यूनिवर्सिटी को मजबूत बनाया जाएगा।
इससे पूर्व उन्होंने यूनिवर्सिटी के अधिकारियों की बैठक ली और शैक्षणिक, परीक्षा शाखा, सांस्कृतिक विभाग, खेल विभाग, शोध प्रगति रिपोर्ट के साथ-साथ यूनिवर्सिटी कैपस के हॉस्टलों की विस्तृत जानकारी हासिल की और यूनिवर्सिटी में छात्राओं और छात्रों के अनुपात के बारे में भी चर्चा की।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. केसी रल्हाण, डीन एकेडमिक अफेयर प्रो. अनिल वोहरा, डीन ऑफ कालेज प्रो. भीम सिंह, डीन रिसर्च एंड डेवलपमैंट प्रो. श्याम कुमार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अनिल वशिष्ठ, प्रो. आरएस भट्टी, डीन इंडिक स्टडीज प्रो. अरूणा शर्मा, प्रोक्टर प्रो. सीआर ड्रोलिया, चीफ वार्डन ब्वायज प्रो. सीपी सिंह, दूरवर्ती शिक्षा निदेशालय के निदेशक प्रो. रजनीश शर्मा, डॉ. अरविन्द कुमार, प्रो रक्म सिंह, डॉ. ओपी आहूजा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुक्म सिह व पंकज गुप्ता, डीन आफ लॉ डॉ राजपाल, प्रो. आरएस यादव, एमके मोदगिल, जिला सहायक जनसंपर्क अधिकारी नरेन्द्र सिंह, लोक संपर्क अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, सामान्य शाखा के उप-कुलसचिव राम सिंह, शिक्षक व गैर शिक्षक कर्मचारी भारी संख्या में उपस्थित थे ।