कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय वित्तीय वर्ष 2022-23 में 26 पेटेंट आवेदनों के साथ प्रदेश के सरकारी विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान पर रहा हैं। यह आंकड़ा अब भारतीय पेटेंट कार्यालय (आईपीओ) की आधिकारिक वेबसाइट पर पेटेंट डेटाबेस के तौर पर दर्ज हो गया है, जबकि राज्य के 54 निजी और सरकारी विश्वविद्यालयों और संस्थानों में समग्र रूप से केयू तीसरे स्थान पर रहा है।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से पेटेंट आवेदन को सरल करने हेतु एक ऑनरेरी प्रोफेसर पेटेंट नियुक्त किया गया है। इसके तहत केयू में शिक्षकों को बेहतर शोध कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि शोध के क्षेत्र में केयू भी देश-विदेश के बेहतर विश्वविद्यालयों के साथ शोध की गुणवत्ता के सभी मापदंडों पर खरा उतर सके।
उन्होंने बताया कि केयू ने खेल, शोध व सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अपनी साख बनाई है। केयू पिछले साल खेल के क्षेत्र में सबसे प्रतिष्ठित मौलाना अब्दुल कलाम आजाद ट्रॉफी में देश के लगभग 1000 विश्वविद्यालयों में जीएनडी अमृतसर और पीयू चंडीगढ़ के बाद तीसरे नंबर पर था। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में आयोजित प्रतियोगिताओं में भी केयू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौदहवें से सातवें स्थान पर पहुंच कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।
उन्होंने बताया कि बेंगलुरु में 36 वें अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ओर से आयोजित राष्ट्रीय उत्सव में केयू ने स्वयं के इतिहास में पहली बार 18 विधाओं में से 16 में पुरस्कार प्राप्त कर रिकॉर्ड बनाया। सांस्कृतिक उत्सव प्रतियोगिता की थियेटर विधा में केयू ओवरआल चैंपियन भी बना था।