कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्विद्यालय में बुधवार को केयूके कर्मचारी वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन हुआ। इसमें कुल छह टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए पैंथर, हरिकेन, स्टार और स्पार्टन की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
टूर्नामेंट के दौरान ग्रुप ए में केयूके पैंथर, केयूके हरिकेन और केयूके फैंटम की टीमें शामिल रहीं जबकि ग्रुप बी में केयूके स्टार, केयूके डोमिनेटर और केयूके स्पार्टन की टीमों ने भाग लिया। लीग मुकाबलों में ग्रुप ए में केयूके पैंथर ने केयूके फैंटम को हराया जबकि केयूके हरिकेन ने भी फैंटम पर जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
वहीं ग्रुप बी के मुकाबलों में केयूके स्टार ने डोमिनेटर को हराया, वहीं केयूके स्पार्टन ने भी डोमिनेटर को शिकस्त दी। इसके साथ ही स्टार और स्पार्टन की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गईं। इन टीमों के बीच सेमीफाइनल का मुकाबला वीरवार को आयोजित होगा। इसी दिन फाइनल मुकाबला भी खेला जाएगा।
टूर्नामेंट का आयोजन सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से किया गया। इस अवसर पर कुवि के कुलसचिव प्रो. वीरेंदर पाल मुख्य अतिथि रहे।