कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल के खेल मैदान में शनिवार को केयू गैर-शिक्षक कर्मचारी के अनौपचारिक टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसके फाइनल मैच में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए केयू स्पार्टन टीम ने चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में मुख्यातिथि सहायक कुलसचिव विनोद वर्मा ने टॉस उछालकर फाइनल मैच में खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करने के लिए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल हमारे शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है। मैच में एडमिन प्लेयर्स के कप्तान पवन शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। केयू स्पार्टन टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 144 रन बनाए, जिसमें अजय डोगरा ने 25, अंशुल शर्मा ने 22, अशोक थापा ने 21 तथा सुशील यादव ने 20 रनों की अहम पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केयू एडमिन प्लेयर्स की टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 118 रन ही बना सकी। एडमिन प्लेयर्स के ओपनर बल्लेबाज रविंद्र सैनी ने सर्वाधिक 47 रन बनाए। मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए स्पार्टन टीम के ओर से सुशील यादव ने तीन विकेट झटके वहीं रामेश्वर दास, अंशुल शर्मा व हरीश गैरोला ने 1-1 विकेट लिया। मैच में शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी के लिए सुशील यादव को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। इसके साथ ही सुशील यादव को बेस्ट बॉलर ऑफ द सीरीज का भी खिताब दिया गया।
केयू स्पार्टन के अंशुल शर्मा को मैन ऑफ द सीरीज तथा एडमिन प्लेयर्स के रविंद्र सैनी को बेस्ट बैटसमैन ऑफ द सीरीज का खिताब मिला। मुख्यातिथि विनोद वर्मा ने विजेता टीम के कप्तान हरीश गैरोला को चैंपियन ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और कहा कि प्रतियोगिता का सफल समापन गैर-शिक्षक कर्मचारियों की खेल के प्रति सच्ची समर्पण भावना का प्रतीक है। खेल हमेशा खेल भावना के साथ ही खेलना चाहिए। केयू स्पार्टन टीम ने प्रतियोगिता के सभी मैच जीतकर उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। वहीं प्रतियोगिता के 14 मैचों में कुल 102 छक्के और 416 चौके लगे। मैच में अंपायर की भूमिका अरविंद श्रीवास्तव व शमशेर चौहान ने निभाई।
जंप रेस में के-मानविक और फ्रॉग रेस में दिव्यांशी प्रथम
कुरुक्षेत्र। श्रीमद्भगवद्गीता प्राथमिक विद्यालय बालघर में शनिवार को वार्षिक खेल दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। खेल दिवस का शुभारंभ प्रधानाचार्य चेतना वशिष्ठ एवं नन्हे बच्चों द्वारा मार्च पास्ट के साथ किया गया। बैलून, पोप रेस, बोतल रेस, गेंद लेना, कैंडी रेस, हर्डल रेस, बनाना रेस, जंप रेस, मेंढक रेस सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रधानाचार्य चेतना वशिष्ठ ने बताया कि नर्सरी के विद्यार्थियों की जंप रेस में के मानविक ने पहला, लव्यांश ने दूसरा तथा दर्शिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया और एलकेजी विद्यार्थियों की फ्रॉग रेस में दिव्यांशी कुमारी ने पहला स्थान प्राप्त किया। गैविन ने दूसरा तथा प्रिंस ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि यूकेजी विद्यार्थियों की केंडी रेस में रवि और सक्षम ने पहला, जानवी ने दूसरा तथा आयान ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं पहली कक्षा के विद्यार्थियों में हुई बनाना रेस में दिव्यम पहले, ओजस और हिमांशु दूसरे तथा आदित्य तीसरे स्थान पर रहा।
आचार्य बीना ने बताया कि दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों में हुई हर्डल रेस में दिपांशु ने पहला स्थान हासिल किया। युवराज ने दूसरा तथा सूर्यवीर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि तीसरी कक्षा के विद्यार्थियों में हुई टेक बॉल रेस में युग ने पहला, कार्तिकेय ने दूसरा तथा समृद्धि ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं चौथी कक्षा के विद्यार्थियों में हुई बोटल रेस में उत्कर्ष ने पहला स्थान हासिल किया। विनय ने दूसरा तथा आदर्श और माखा सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता रहे विद्यार्थियों को जीवन में इसी तरह कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रबंधक जीवन मौदगिल और कोषाध्यक्ष धीरज गोयल ने विजेताओं का उत्साह वर्धन किया और बताया कि खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए, हार जीत के लक्ष्य से नहीं। खेलों से हमारे अंदर समूह भावना एवं कुशल नेतृत्व का भी विकास होता है। हमें हमेशा आगे बढ़ते रहने के लिए प्रयास करते रहना चाहिए।
मनोज कुमार बॉक्सिंग एकेडमी के मुक्केबाजों ने हासिल किए पांच पदक
कुरुक्षेत्र। मनोज कुमार बॉक्सिंग एकेडमी के प्रतिभाशाली मुक्केबाजों ने इंटर कॉलेज बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पदक हासिल कर एकेडमी का नाम रोशन किया है। यह एकेडमी उभरते हुए मुक्केबाजों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान कर रही है और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता के लिए तैयार कर रही है। 75 किलोभार वर्ग में उदय ने स्वर्ण पदक हासिल किया और 54 किलोभार वर्ग में निखिल ने रजत पदक प्राप्त किया तो वहीं 92 किलोभार वर्ग में विशेष ने रजत पदक हासिल किया। जबकि 57 किलोभार वर्ग में विंका ने रजत पदक तथा 70 किलोभार वर्ग में वंशिका चौहान ने कांस्य पदक हासिल किया।
कोच मनोज कुमार ने अपने अनुभव और विजन से इन युवा मुक्केबाजों को प्रेरित किया है और उन्हें खेल के प्रति एक नई दिशा दी है। शानदार प्रदर्शन से न केवल मनोज कुमार बॉक्सिंग एकेडमी का नाम रोशन हुआ है, बल्कि यह उपलब्धि क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।