फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूनिवर्सिटी में चढ़ा हरियाणवी संस्कृति का रंग

Tue, 25 Oct 2016 12:26 AM IST
ब्यूरो/कुरुक्षेत्र,अमर उजाला
विज्ञापन
रत्नावली में प्रस्तुति देती छात्राएं। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
केयू में सोमवार से शुरू हुए रत्नावली महोत्सव के पहले ही दिन जोरदार धूम मची। शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को जहां जमकर झूमने पर मजबूर किया। वहीं ठेठ हरियाणवी कार्यक्रमों ने युवाओं को संस्कृति से रूबरू होने के मौका दिया। सुन गीता का ज्ञान नृत्य नाटिका ने जहां रोंगटे खड़े करने का काम किया, वहीं गजलों और भजनों ने सभी को मंत्रमुग्ध किया। शाम के सत्र में राज्य मंत्री कृष्ण बेदी ने बतौर मुख्य अतिथि पहुंच कर कलाकारों की हौसला आफजाई की।
विज्ञापन


महोत्सव के पहले दिन आरके सदन में कलाकारों ने हरियाणवी भजनों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस प्रतियोगिता में यूनिवर्सिटी कॉलेज, आर्य पीजी कॉलेज पानीपत,  डीएवी गर्ल्स कॉलेज यमुनानगर, इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय कैथल, सीआर किसान कॉलेज जींद, एसए जैन कॉलेज अंबाला की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कलाकारों ने दुख दूर करो सै मेरा, गोकुल गली, तेरी वाहा चाली, माटी का पुतला जैसे भजनों पर शानदार प्रस्तुतियां दी। आरके सदन में आयोजित इस प्रतियोगिता में कलाकारों ने ठेठ हरियाणवी अंदाज में भजनों को प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोहा। हरियाणवी भजन प्रतियोगिता में 13 टीमों ने भाग लिया। इसके निर्णायक मंडल में कैलाश  वर्मा, अनिल सोनी, कुलदीप सैनी थे। संचालन अशोक  कुमार ने किया। इसी तरह हरियाणवी गजल प्रतियोगिता में 13 टीमों ने भाग लिया। निर्णायक डॉ. हुकम चंद, अनिल सोनी व कुलदीप सैनी थे।

25 मिनट में महाभारत का दृश्य रखा सामने
महोत्सव के उद्घाटन में पेश किए गए सुन गीता का ज्ञान संगीत, नृत्य नाटिका ने दर्शकों को सबसे ज्यादा आकर्षित किया। युवा सांस्कृतिक एवं कार्यक्रम विभाग के कल्चरल सुपरवाइजर डॉ. हरविन्द्र राणा और डीएवी गर्ल्स कालेज की छात्राओं ने 25 मिनट की इस प्रस्तुति में महाभारत के महत्वपूर्ण प्रसंगों को इस शानदार ढंग से पेश किया कि खुद राज्यपाल भी तारीफ किए बिना न रह सके। इसके बाद लूर नृत्य में आर्य कॉलेज पानीपत की छात्राओं ने शानदार प्रस्तुति दी।
विज्ञापन


ऐ छोरी यो ले लिए फेरे, यो मरजा तो ओर बथेरे . ..ए छोरी यो ले लिए फेरे, यो मरजा तो ओर बथेरे गीत पर कुवि के यूटीडी के  विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति दी। हॉल में रिचुअल रीति रिवाज प्रतिस्पर्धा के दौरान विभिन्न कॉलेजों की लगभग 14 टीमों ने अपनी प्रस्तुति  दी। सबसे पहले यमुनानगर के डीएवी गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने बोली बोली ये रतन आली कौल पर अपनी प्रस्तुति दी। इसके बाद  फतेहपुर के कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने शादी के अवसर पर होने वाले रीति-रिवाजों को अपने गीतों के माध्यम से दिखाया। जींद  के मैटिस डिग्री कॉलेज, हिसार के बीएआर जनता कॉलेज ने अपनी प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया।

हिसार के सीआरएम जाट कॉलेज के विद्यार्थियों ने रीति-रिवाजों को गीतों व नृत्य के द्वारा हरियाणा के रीति-रिवाजों को दर्शकों के सामने पेश किया। गवर्नमेंट कालेज छछरौली यमुनानगर की छात्राओं ने परिवार में बच्चा पैदा होने पर मनाई जाने वाली खुशियों को गीतों के माध्यम से पेश किया।   राजीव गांधी महाविद्यालय उचाना जीेंद, हिसार के सीआर कालेज ऑफ एजुकेशन, खानपुर कलां सोनीपत के बीपीएस  महिला विश्वविद्यालय, बरवाला के गवर्नमेंट कालेज, पानीपत के आर्य पीजी कालेज व कुरुक्षेत्र के यूनिवर्सिटी कालेज के विद्यार्थियों ने काकडी  खरबूजे खावे रज रज के जैसे गीतों पर अपनी शानदार प्रस्तुतियां दी।

शाम चार बजे के सत्र में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने इस मौके पर कहा कि हरियाणा की युवा पीढ़ी रत्नावली के माध्यम से हरियाणा की सांस्कृतिक  विरासत को जिंदा रखने का काम कर रही है। ऐसी पीढ़ी पर प्रदेश के हर व्यक्ति को नाज है।

उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी का रत्नावली  महोत्सव  देश व प्रदेश में इस यूनिवर्सिटी की एक पहचान है। इस उत्सव के  माध्यम से  केयू हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को  सहेजने के  साथ-साथ युवा पीढ़ी में अपनी संस्कृति को लेकर संवेदनशीलता पैदा  कर रहा है।  उन्होंने  कहा कि वे कुरुक्षेत्र  यूनिवर्सिटी के  विद्यार्थी रहे हैं और इस  रत्नावली महोत्सव के मंच के कलाकार भी रहे हैं। इस मंच पर आकर एक कलाकार  क्या अनुभव करता है इसे वे खुद महसूस कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवा पीढ़ी के विकास के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में काम कर रही है। मौके पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. पवन शर्मा, प्राक्टर प्रो. आरके देसवाल, डिप्टी प्राक्टर  प्रो. रमेश  भारद्वाज, प्रो. दिनेशा राणा, सुरक्षा अधिकारी डॉ. अनिल  गुप्ता, भाजपा जिला  अध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, भाजपा नेता रविन्द्र  सांगवान, सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। मंच का संचालन डॉ. महासिंह पूनिया ने किया।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें