सत्र शुरू होते ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने स्नातक स्तरीय परीक्षाओं की डेटशीट घोषित कर दी है। अब विद्यार्थियों के अवकाश से पहले ही सभी स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रमों की परीक्षा खत्म होंगी। वीरवार को कुलपति डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ने नवंबर व दिसंबर में होने वाली स्नातक स्तरीय परीक्षाओं की डेटशीट को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट kuk.ac.in अपलोड किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा समय से पहले किये गये इस कार्य के लिए जहां परीक्षा शाखा की सराहना की, वहां यह भी कहा की परीक्षा शाखा द्वारा किया गया यह प्रयास परीक्षार्थियों की लिए बहुत ही लाभदायक सिद्ध होगा, क्योंकि वे समय रहते परीक्षा की तैयारी अच्छे ढंग से कर पाएंगे। परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह ने बताया उपरोक्त विषय (ओड) सेमेस्टर की परीक्षाएं विश्वविद्यालय के अकादमिक शेड्यूल के अनुसार 19 नवंबर को शुरू होकर शीतकालीन अवकाश शुरू होने से पूर्व 19 दिसंबर तक समाप्त हो जाएगी। डेटशीट जारी करने की सूचना परीक्षा शाखा द्वारा सभी संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों को उपलब्ध करा दी गई है, ताकि वे विद्यार्थिओं को अवगत करा सकें।
डेटशीट के अभी से जारी होने से 2 लाख से अधिक परीक्षार्थियों को परीक्षा की तैयारी करने का भरपूर समय मिलगा, जोकि उन्हें परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने में सहायक होगा। नवंबर में होने वाली परीक्षाओं की डेटशीट को छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। इस अवसर पर रवि थापा, नरेंद्र सिंह, एपी परूथी, शिव कुमार, महेंद्र सिंह, राजीव व नरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।