राम राज्य बनाए जाने की मांग को लेकर कृष्णाधाम दंडी स्वामी का आमरण अनशन 5वें दिन में प्रवेश कर गया। अपनी मांग को लेकर दंडी स्वामी किरमिच रोड पर ब्रह्मसरोवर परिसर में नागेश्वर मंदिर के पास बैठे हैं। 5 दिन बीत जाने के बाद भी किसी अधिकारी और सत्ता पक्ष के नेता ने उनकी सुध नहीं ली। वहीं अनशन के कारण उनकी सेहत और स्वास्थ्य लगातार गिर रहा है। उनके शिष्य विनोद कुमार ने बताया कि राम राज्य बनाए जाने की मांग को लेकर दंडी स्वामी की ओर पिछले महीने सीएम मनोहर लाल और उनके ओएसडी को ई-मेल के जरिए मांगपत्र दिया था। इसमें उन्होंने सीएम से किसी बिचौलिए के जरिए बातचीत न करके सीधे सीएम से मिलने की मांग भी रखी थी। वहीं उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे 23 जनवरी से आमरण अनशन करेंगे। सीएम द्वारा उनकी मांग को अनसुना करने पर दंडी स्वामी ने 23 जनवरी से अपना अनशन शुरू कर दिया।