लाडवा से अगवा किए गए युवकों के मामले में पुलिस ने जांच करते हुए अपहरण के इस मामले को पैसे के लेनदेन से जुड़ा पाया है। मामले की जांच लाडवा के डीएसपी भारतभूषण कर रहे हैं। पता चला है कि इस मामले के तार युवकों को विदेश भेजने वाले गिरोह से जुडे हो सकते हैं। पुलिस अधिकारी भी जांच पूरी होने से पहले कुछ भी कहने को तैयार नही है। वहीं गांव रावा के एक व्यक्ति द्वारा बुधवार को लाडवा पुलिस को अगवा किए गए युवक राजन व दीपक के खिलाफ लाखों रुपये लेकर उनके बेटे को कैनेडा भेजने की जगह बैंकाक भेजने व वहां एजेंटों द्वारा बच्चों से मारपीट करने की शिकायत देने से मामले में एक नया मोड आ गया है। एजेंटों द्वारा कैनेडा की जगह बैंकाक भेजे गए दो युवकों में एक युवक गांव रावा थाना शाहबाद का भी है जबकि एक युवक जिला कैथल का बताया जाता है।
लाडवा से मंगलवार को अगवा किए गए युवक राजन व उसके दोस्त लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं। मिली जानकारी के अनुसार रावा निवासी सूबे सिंह ने दो युवकों को कनाडा भेजने के लिए बराडा निवासी दीपक से सपंर्क किया जिसने अपने साथी लाडवा निवासी राजन के साथ मिलकर दोनों युवकों को 26-26 लाख रुपये में कनाडा भेजने का सौदा तय किया। रुपये के लेनदेन के बाद एजेंटों ने दोनों युवकों को पांच जुलाई को कनाडा के लिए रवाना किया लेकिन दोनों युवक बैंकाक उतर गए।
बताया जाता है कि बैंकाक में स्थानीय एजेंटों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और उन्हें घर पर फोन करके कनाडा पहुंच जाने की जानकारी देने के लिए कहा था। दोनों युवकों ने किसी तरह बचकर अपने परिजनों को हालात की जानकारी दी और बैंकाक से वापिस भारत के लिए फ्लाइट पकड़ी। इसके बाद युवकों के परिजनों ने एजेंटों पर अपने रुपये वापस देने का दबाव बनाया तो इन एजेंटों ने मंगलवार को लाडवा व बराडा निवासी एजेंटों को अगवा कर लिया था।
बैंकाक से दोनों युवक नौ जुलाई को वापस घर लौटे हैं। इस मामले में करनाल निवासी एक महिला का नाम भी सामने आ रहा है जिसे पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया है। वहीं बताया जाता है कि मंगलवार को अगवा किए गए दोनों युवकों को भी पुलिस ने बुधवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इस बारें में जब लाडवा के डीएसपी भारतभूषण से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस को गांव रावा के एक व्यक्ति ने लाडवा निवासी राजन व बराडा निवासी दीपक के खिलाफ विदेश भेजने के नाम पर रूपए ठगने की शिकायत दी है। उन्होंने कहा कि अभी मामले की जांच चल रही है और इस संबंध में अभी कोई मामला दर्ज नही किया गया है।