- टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। बुधवार देर रात्रि राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदाना मोड़ के नजदीक सड़क दुर्घटना में एक कांवडिये की मौत हो गई। जिला हनुमान गढ़ के चाहुवाली गांव निवासी सत्येंद्र जीत की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सत्येंद्र जीत ने बताया कि वह और महेंद्र सिंह अपने गांव से 27 जुलाई को कांवड लाने के लिए हरिद्वार पहुंचे थे। गत देर रात्रि जिस समय वे लोग तितरम मोड़ से आगे चंदाना कट के पास पहुंचे तो महेंद्र सिंह उससे आगे चल रहा था। उन्होंने देखा कि तितरम मोड़ की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने महेंद्र सिंह को टक्कर मार दी। महेंद्र सिंह टक्कर लगते ही सड़क पर गिरा और उसके सिर में चोटें आईं।
उसने घायल महेंद्र सिंह को उठाया, इतने में ट्रक मौके से फरार हो गया। लोगों की मदद से वे बुरी तरह से घायल महेंद्र सिंह को नरवाना के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां घायल की हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जींद के जिला अस्पताल में रैफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।