कुरुक्षेत्र। हाल ही में चंद्रयान-3 ने सफलतापूर्वक चंद्रमा पर लैंडिंग की तो पूरा देश गौरवान्वित हो उठा। हर कोने में विज्ञान की जय की जाने लगी तो स्कूल से लेकर उच्च संस्थानों में भी विद्यार्थियों को इसकी बारीकियों का पाठ पढ़ाया जाने लगा, ताकि उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में प्रोत्साहित किया जा सके, लेकिन उत्साह के इस माहौल में धर्मनगरी का कल्पना चावला तारामंडल खामोश है। पिछले करीब ढाई वर्ष से यह बंद पड़ा है जबकि इससे पहले कोरोना काल में भी बंद रहा। ऐसे में यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को भी झटका लग रहा है तो वहीं सरकार की योजनाओं पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
एक ओर केंद्र से लेकर प्रदेश सरकार द्वारा धर्मनगरी को पर्यटन नगरी बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं वहीं दूसरी ओर प्रदेश का एकमात्र एवं शहर के अद्वितीय पर्यटन स्थल कल्पना चावला तारामंडल का खगोल विज्ञान शो ही बंद है जबकि चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद विज्ञान के प्रति पूरे देश में बने माहौल के चलते प्रदेश सरकार ने स्कूली बच्चों का धर्मनगरी में भ्रमण कराए जाने की योजना बनाई है। इसके तहत अब तक यमुनानगर व सिरसा की 600 छात्राएं यहां भ्रमण कर चुकी है, लेकिन वे भी उस समय सन्न रह गई जब कल्पना चावला तारामंडल का यह शो नहीं देख पाई। ऐसे में बच्चों में विज्ञान के प्रति कैसे रुचि बढ़ाई जा सकती है, सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।
बता दें कि अंतरिक्ष में जाने वाली भारत की पहली महिला कल्पना के नाम पर करीब पांच एकड़ में साढ़े छह करोड़ की लागत से यह तारामंडल स्थापित किया गया था। यहां हर रोज करीब 300 पर्यटक पहुंचते रहे हैं, लेकिन पहले कोरोना काल में इसे बंद करना पड़ा तो इसके बाद भी आज इसका मुख्य आकर्षण माना जाने वाला खगोल विज्ञान शो बंद है। बताया जा रहा है कि इसे दर्शाने वाला प्रोजेक्ट ही आउट डेटेड हो चुका है।
फाइलों के ऊपर जमी धूल
माना जाता है कि तारामंडल में नया प्रोजेक्ट लगाने पर अभी दो करोड़ से ज्यादा खर्च होना है। इसके लिए प्रपोजल भी बनाकर प्रदेश सरकार को भेजा हुआ है, लेकिन आज तक यह फाइल धूल फांक रही है।
आधे भी नहीं रहे पर्यटक, टिकट रेट भी करना पड़ा कम
तारामंडल का खगोल विज्ञान शो बंद होने के चलते यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या भी करीब आधी ही रह गई है और वे भी निराशा के साथ ही लौटते हैं। फिलहाल यहां आने पर्यटक अब महज विज्ञान गैलरी ही देखकर लौटने को मजबूर है। भले ही इसके लिए टिकट का रेट भी कम करना पड़ा।
शो शुरू करवाए जाने के किए जा रहे प्रयास : डीसी
जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा का कहना है कि तारामंडल में शो शुरू करवाने के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। संबंधित उच्चाधिकारियों को इस संबंध में पत्राचार किया जा रहा है। टेंडर प्रक्रिया भी विचाराधीन है। उम्मीद है कि जल्द धर्मनगरी में आने वाले पर्यटकों को यह शो देखने को मिलेगा।
कुरुक्षेत्र। कल्पना चावला तारामंडल।