कुरुक्षेत्र। सैनी समाज भवन में आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय कला उत्सव बुधवार को संपन्न हुआ। अंतिम दिन भी प्रदेश से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी-अपनी प्रतिभा दिखाते हुए सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में कला के रंग बिखेरे। विद्यार्थियों की प्रतिभा को देखकर हर कोई हैरान रह गया। कला उत्सव में प्रदेश से करीब 500 छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की और लोक संगीत गायन व वादन, लोकनृत्य, स्टोरी टेलिंग, थिएटर व परिदृश्य कलाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी मुख्यातिथि रहे, जिन्होंने विजेता रहे छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
उत्सव के दौरान गायन प्रतियोगिता में कैथल जिले की टीम ने पहला, सिरसा जिले ने दूसरा व गुरुग्राम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि लोक संगीत वादन स्पर्धा में कैथल जिला पहले, करनाल जिला दूसरे व सिरसा जिला तीसरे स्थान पर रहा। समूह लोकनृत्य की स्पर्धा में फरीदाबाद जिला की टीम ने बाजी मारी जबकि गुरुग्राम की टीम दूसरे व भिवानी की टीम तीसरे स्थान पर रही। ट्रेडिशनल स्टोरी टेलिंग स्पर्धा में रेवाड़ी जिला ने पहला, पानीपत जिला ने दूसरा व कैथल जिला ने तीसरा स्थान हासिल किया जबकि विजुअल आर्ट स्पर्धा में जिला सोनीपत ने पहला, करनाल जिला ने दूसरा और पानीपत जिले की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वोकल म्यूजिक में कैथल के दी माइल स्टोन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चे प्रथम रहे जबकि वाद्य यंत्र संगीत में शेरगढ़ जिला कैथल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बच्चे प्रथम रहे। डांस प्रतियोगिता में फरीदाबाद के जीएम एसएसएस सराय ख्वाजा के बच्चों ने पहला स्थान हासिल किया। थियेटर में जीएसएएसएस सुबरी जिला करनाल के बच्चे प्रथम रहे तो विजुअल आर्ट में जीएसएएसएस गोहाना जिला सोनीपत के बच्चों ने प्रथम स्थान हासिल किया।
शिक्षा, चिकित्सा और सुरक्षा है प्रदेश सरकार की प्राथमिकता : बेदी
उत्सव में मुख्यातिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की प्रदेश सरकार की प्राथमिकता शिक्षा, चिकित्सा और सुरक्षा है। यह तीनों बुनियादी क्षेत्र हैं और उन्हें विश्वास है कि हरियाणा सभी क्षेत्रों में नई बुलंदियों को छुएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन का आधार है, शिक्षा के क्षेत्र में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। यह हमारा सौभाग्य है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री कुरुक्षेत्र जिला के लाडवा विधानसभा से विधायक हैं और जिले को सीएम सिटी होने का बहुत लाभ मिलेगा।
समग्र शिक्षा के जिला परियोजना समन्वयक संतोष शर्मा ने आयोजन की रिपोर्ट प्रस्तुत की और कहा कि इस उत्सव में छह विधाओं में लड़कों व लड़कियों की स्पर्धा संपन्न हुई, जिसमें 22 जिलों से 132 टीमें, लगभग 600 प्रतिभागियों, 120 सहायक अध्यापकों ने भाग लिया। इस दौरान एसडीएम कपिल शर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक, कला उत्सव के जिला कोआर्डिनेटर सतबीर कौशिक, सैनी समाज सभा के प्रधान गुरनाम सैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुरजीत कौर, मुख्यालय से आई कार्यक्रम अधिकारी बिंदु शर्मा, बीईओ थानेसर इंदु कौशिक, बीईओ बाबैन संतोष चौहान, बीईओ लाडवा हरदीप कौर, एपीसी क्रांति चावला, राजेश कुमार, प्रदीप कुमार, डॉ. कृष्णा कुमारी, डीपीसी करनाल उर्वशी विज सहित अन्य मौजूद रहे।
कुरुक्षेत्र। कला उत्सव के दौरान सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति देती छात्राएं। संवाद