पुलिस ने धोखे से सोने की चूड़ी और बालियां लेकर चंपत होने के मामले में एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव रावा निवासी कमलेश देवी ने बताया कि सोमवार सुबह एक बाइक चालक युवक उनके गांव रावा में आया। उस समय वह और उसकी पुत्रवधू घर पर मौजूद थी। बाइक चालक ने कहा कि वह सुनार का कार्य करता है और वह उनके घर के बाहर एक कमरा किराए पर लेना चाहता है। इसी बीच वह व्यक्ति उनके गेट के अंदर आ गया और कुर्सी पर बैठ गया। युवक ने बातों ही बातों में उनकी सोने की चूड़ी और पुत्रवधू के कानाें बाली की तारीफ करते हुए दिखाने की बात कही। वह कहने लगा कि उसने इसी गांव में किसी को बालियों और चूड़ी का डिजाइन दिखाना है। इस पर शिकायतकर्ता ने अपने पौत्र को उस व्यक्ति के साथ भेज दिया। रास्ते में उस व्यक्ति ने उसके पौत्र को रास्ते में ही उतार दिया और कहा कि वह यहां खड़ा हो जाए तथा वह डिजाइन दिखाकर अभी आता है। शिकायतकर्ता के पौत्र हर्षदीप ने दोनों चीजें व्यक्ति को दिखाने के लिए दे दी, जिसके बाद आरोपी उनको लेकर फरार हो गया।