डंपिंग साइट पर ताला लगाने पहुंचे जजपा नेता योगेश शर्मा व मौके पर मौजूद पुलिसबल।
कुरुक्षेत्र। ब्रह्मसरोवर के पश्चिम घाट व बोध स्तूप के समीप बनाए गए डंपिंग यार्ड पर मंगलवार को जजपा कार्यकर्ता ताला लगाने पहुंचे। नगर परिषद के आश्वासन पर एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि यार्ड को यहां से नहीं हटाया गया तो वह इसके आगे धरना देने पर मजबूर होंगे।
जजपा थानेसर हलका अध्यक्ष योगेश शर्मा ने रविवार को सोशल मीडिया पर डंपिंग यार्ड को यहां से हटवाने के लिए ताला लगाने की घोषणा की थी। योगेश शर्मा की ओर से सुबह 11 बजे निर्धारित किए गए समय से पहले ही वहां भारी संख्या में पुलिस बल व अधिकारी और कर्मचारी सुरक्षा की दृष्टि से तैनात नजर आए। आदर्श थाना प्रभारी दिनेश राणा ने योगेश शर्मा को वहां ताला लगाने से रोका और इस समस्या के समाधान के लिए थानेसर नगर परिषद के अधिकारियों और नगर आयुक्त से बातचीत करने और उन्हें ज्ञापन सौंपने की बात कही। लेकिन योगेश शर्मा डंपिंग यार्ड पर आमजन की सुविधा और शहर की सुंदरता को बरकरार रखने के लिए ताला लगाने की बात पर अड़े रहे। आखिरकार जब पुलिस अधिकारी ने थानेसर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार को इस घटनाक्रम से अवगत करवाया और उन्हें मौके पर बुलाया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे थानेसर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी और योगेश शर्मा के बीच डंपिंग यार्ड को इस स्थान से हटाने के लिए नोक झोंक भी हुई। वह बाद में यार्ड यहां से हटाने के बात पर एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए मामला शांत हो गया।
की जा रही जमीन की तलाश : ईओ
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि वह लगातार डंपिंग यार्ड के लिए पांच एकड़ जमीन की तलाश कर रहे हैं। जैसे ही पांच एकड़ जमीन उपलब्ध हो जाएगी, यहां से डंपिंग यार्ड शिफ्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने योगेश शर्मा से भी प्रार्थना की है कि आप इस मामले में हमारा सहयोग करें, पांच एकड़ जमीन ढूंढने में हमारी मदद करें। हालांकि नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ने भी मीडिया से बातचीत करते हुए माना कि शहर के बीचो-बीच ऐसे स्थान पर गंदगी डालना उचित नहीं है। परंतु नगर परिषद इस समस्या के समाधान के लिए जल्द ही सकारात्मक प्रयास करते हुए सकारात्मक परिणाम भी हासिल करेगी।