कुरुक्षेत्र। मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरियाणा कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा
कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने कमेटी मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस हरियाणा का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है। इसलिए ही डबरी जिला करनाल वासी हरियाणा कमेटी के सदस्य गुरनाम सिंह लाडी को एक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। पंजाब पुलिस लोकतंत्र में तानाशाही रवैया अपना रही है, जिसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रिश्तेदार तो अपने किसी भी रिश्तेदार के घर आ सकता है। पंजाब पुलिस ने आम आदमी पार्टी के पंजाब के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को पहले क्यों नहीं गिरफ्तार किया। अब गुरनाम सिंह के परिवार को परेशान किया जा रहा है। वे हरियाणा कमेटी के सदस्य हैं और पंजाब सरकार ने संस्था को बदनाम करने के लिए यह षड्यंत्र रचा है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान से अपील की कि यदि हरियाणा कमेटी से संबंधित कोई मुद्दा हो, तो उनसे पहले बातचीत की जाए।
उन्होंने कहा कि गुरनाम सिंह लाडी पर कार्रवाई करने से पहले पंजाब सरकार और पुलिस को हरियाणा कमेटी से संपर्क करना चाहिए था। गुरनाम सिंह लाडी के अन्य 10 रिश्तेदारों को उठाना सरासर गलत है। ये हरकतें कर पंजाब पुलिस हालात को बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। जत्थेदार झींडा ने कहा कि इस मसले पर पंजाब सरकार को पत्र भी लिखा है और एसजीपीसी को भी, मगर कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने पंजाब के किसानों और वहां की संगत से अपील की कि वे अपनी सरकार से हरियाणा कमेटी और यहां की संगत की ओर से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में सेवा करने के मामले पर बातचीत कर लें, नहीं तो वे कोई भी आरोप हरियाणा कमेटी पर लगा सकते हैं। इस मौके पर उनके साथ कार्यकारिणी सदस्य रूपिंदर सिंह, इंदरजीत सिंह व गुरतेज सिंह भी मौजूद रहे।
पंजाब सरकार व पुलिस गुरनाम सिंह लाडी को करें दोषमुक्त
झींडा ने कहा कि पंजाब पुलिस करनाल पुलिस अधीक्षक के नोटिस में डाले बिना ही दो बार कार्रवाई कर चुकी है। गुरनाम लाडी व्यापारी है और उसे इस मसले में घसीटने से उसका व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। पंजाब सरकार और पुलिस गुरनाम लाडी को दोषमुक्त करें। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इस बारे में बयान दें या मुख्य सचिव एलान करें कि गुरनाम सिंह लाडी का कोई दोष नहीं है। झींडा ने कहा कि उन्होंने पिछले दिनों पंजाब में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया था और कई उपायुक्तों से बातचीत कर एक जिला सेवा के लिए अलाॅट करने की अपील की थी। शायद पंजाब सरकार को यह बात हजम नहीं हो रही और इसी के चलते यह कदम उठाया जा रहा है।
कुरुक्षेत्र। मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरियाणा कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा