शाहाबाद। दिल्ली-अंबाला नेशनल हाईवे पर वीरवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। ऋषि मारकंडा हॉकी स्टेडियम से ठीक पहले विपरित दिशा से आ रही जेसीबी मशीन में एक पिकअप गाड़ी टकरा गई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि पीछे से आ रही दो कारें भी पिकअप में भिड़ गईं। हादसे में 16 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप में सवार अधिकतर लोग पीछे वाले हिस्से में बैठे हुए थे। ये सभी लोग उत्तर प्रदेश से पंजाब लेबर का काम करने के लिए जा रहे थे। टक्कर लगते ही पिकअप में बैठे 14 लोगों को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने तुरंत सभी घायलों को एंबुलेंस से नागरिक अस्पताल पहुंचाया। हादसे में पति-पत्नी कार में ही फंस गए जिन्हें खिड़कियां काटकर बाहर निकालना पड़ा और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।
घायलों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी अमन, समाद, सेहबान, नरगिस, उष्मान, अरमान, मायरा, सहनवाज, सायना, खुशी, हरीश, आर्यन, रियासत और शामदीह के रूप में हुई है। हादसे में घायल पति-पत्नी की पहचान 60 वर्षीय चंद्रेश गुप्ता और उनकी पत्नी 55 वर्षीय सुनीता गुप्ता के रूप में हुई है। वे दिल्ली से चंडीगढ़ अपने बच्चों से मिलने जा रहे थे।
नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि सुनीता गुप्ता की हालत नाजुक है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज शाहाबाद नागरिक अस्पताल में शुक्रवार देर रात तक जारी रहा। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जेसीबी की मदद से हाईवे के किनारे कराया। इसके बाद देर रात हाईवे पर जाम खुलवाया गया।
शाहाबाद। हाईवे पर हादसाग्रस्त जेसीबी और पिकअप गाडी। इंटरनेट
शाहाबाद। हाईवे पर हादसाग्रस्त जेसीबी और पिकअप गाडी। इंटरनेट
शाहाबाद। हाईवे पर हादसाग्रस्त जेसीबी और पिकअप गाडी। इंटरनेट