कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (एचएसजीएमसी) के प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा ने वीरवार को अपना कार्यभार संभाला। कमेटी के पूर्व प्रधान जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध ने सिरोपा एवं शॉल भेंटकर जत्थेदार झींडा को उनकी कुर्सी पर बिठाया और कार्यभार सौंपा। जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध को सिरोपा व स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध और अंतरराष्ट्रीय प्रचारक एवं धर्म प्रचार के पूर्व चेयरमैन जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने प्रधान बनने पर जत्थेदार झींडा को शुभकामनाएं दी। दोनों पदाधिकारियों ने संस्था के नए प्रधान को गुरुद्वारा साहिबान के प्रबंध में और सुधार करने के लिए अपील की। इस दौरान कार्यकारिणी समिति के सदस्यों सहित अन्य मौजूद रहे।
इसके बाद जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा ने संस्था के समूह पदाधिकारियों एवं स्टाफ की बैठक ली। इसमें उच्चाधिकारियों से परिचय लिया और फिर हैड ऑफिस में ड्यूटी निभा रहे कर्मचारियों से मुलाकात कर परिचय जाना। तत्पश्चात उन्होंने हरियाणा प्रदेश के संस्था के अधीन आने वाले गुरुद्वारा साहिबान के प्रबंधकों की बैठक ली। इससे पहले प्रधान ने अपना व अपनी पूरी कार्यकारिणी समिति के सदस्यों का परिचय कर्मचारियों से कराया।
इस मौके पर वरिष्ठ उपप्रधान गुरमीत सिंह मीता, उपप्रधान गुरबीर सिंह, महासचिव अंग्रेज सिंह, संयुक्त सचिव बलविंदर सिंह, चीफ सेक्रेटरी जसविंद्र सिंह दीनपुर, प्रधान साहिब के कार्यालय सचिव एवं एडिशनल सेक्रेटरी सतपाल सिंह ढाचर, धर्म प्रचार सचिव सरबजीत सिंह जम्मू, एडिशनल सेक्रेटरी राजपाल सिंह दुनियामाजरा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
किसी अन्य के कार्य में दखलअंदाजी नहीं की जाएगी बर्दाशत : प्रधान झींडा
प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा ने बैठक में कर्मचारियों को कहा कि सभी कर्मचारी अपनी-अपनी ड्यूटी निष्ठा व ईमानदारी से करें। किसी भी अन्य के कार्य में किसी भी प्रकार की दखल अंदाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कर्मचारी अपनी-अपनी शाखा से संबंधित काम पर ध्यान दें और यदि किसी भी प्रकार की समस्या हो, तो उनके संज्ञान में लाई जाए। उन्होंने कमेटी के प्रबंध को और भी सुचारू ढंग से चलाने के लिए सुझाव मांगे।
हैड ऑफिस परिसर का किया निरीक्षण
प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा ने पूरी कार्यकारिणी समिति एवं स्टाफ के साथ हैड ऑफिस परिसर का निरीक्षण किया और हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के वाहनों की भी जानकारी ली। हैड ऑफिस के भवन को बनाने के लिए बनने वाली शाखाओं को ब्योरा भी देने के लिए उच्चाधिकारियों को आदेश दिए।