संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। मानसून का असर पिछले पांच दिनों से देखने को मिल रहा है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर हो रही बारिश से राहत बरकरार है। हालांकि बदरा झमाझम सिर्फ दो ही दिन बरसे हैं, लेकिन रिमझिम रोज देखने को मिल रही है। हालात ऐसे बने हैं कि पांच किलोमीटर क्षेत्र में से आधे में बारिश हो रही होती है और आधे में धूप निकली होती है या मौसम साफ रहता है।
जिले में रविवार को भी ऐसा ही नजारा देखने को मिला। शाम करीब चार बजे पिपली में बारिश होने लगी, जबकि थानेसर में एक बूंद भी नहीं गिरी। हालांकि शाम को बादल यहां भी छा गए थे और ठंडी हवा चलने लगी। खुशनुमा मौसम के चलते बाजारों में दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए हैं, क्योंकि मौसम अच्छा रहने पर ग्राहक ज्यादा संख्या में खरीदारी करने के लिए पहुंच रहे हैं।
वहीं कपड़े का काम करने वाले दुकानदारों में थोड़ी मायूसी इसलिए है क्योंकि वे उन्होंने गर्मी के कपड़ों का स्टॉक दुकान में भरा हुआ है, लेकिन मानसून में मौसम अच्छा होने के चलते उनके पास ग्राहकों की संख्या थोड़ी कम हो गई है। मौसम विभाग अनुसार आगामी नौ दिन लगातार अलग-अलग समय पर बारिश होती रहेगी।
इन दिनों में अधिकतम तापमान भी 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं जाएगा। सोमवार को बारिश होने की 40 प्रतिशत संभावना है, वहीं मंगलवार को 50, बुधवार को 60, वीरवार और शुक्रवार को 90, शनिवार को 80, रविवार को 70, अगले सोमवार को 60 और मंगलवार को बारिश होने की 50 प्रतिशत संभावना है।