कुरुक्षेत्र। मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए आयुष विश्वविद्यालय के छात्र। स्वयं
- फोटो : ARchive
कुरुक्षेत्र। श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के बीएएमएस के विद्यार्थियों ने इंटर्नशिप के स्टाइपेंड में वृद्धि की मांग को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आयुर्वेदिक कॉलेजों में बीएएमएस इंटर्न को वर्ष 2019 से केवल 10 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जबकि इस अवधि में इसमें कोई वृद्धि नहीं की गई है।
विश्वविद्यालय के छात्र नेता एबीवीपी इकाई अध्यक्ष विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने जुलाई 2024 में एमबीबीएस एवं बीडीएस इंटर्न छात्रों के स्टाइपेंड में 43 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए इसे 17 हजार रुपये से बढ़ाकर 24,310 रुपये प्रतिमाह कर दिया था। लेकिन सरकार आयुर्वेद के विद्यार्थियों की अनदेखी कर रही है। बीएएमएस इंटर्न छात्रों का स्टाइपेंड पिछले सात वर्षों से यथावत बना हुआ है।
उन्होंने ज्ञापन में राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा पद्धति आयोग के ‘न्यूनतम मानक स्नातक आयुर्वेद शिक्षा विनियम-2022’ का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि सरकारी संस्थानों में आयुर्वेद इंटर्न को अन्य चिकित्सा पद्धतियों के इंटर्न के समान स्टाइपेंड दिया जाना चाहिए तथा विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के बीच किसी प्रकार की विसंगति नहीं होनी चाहिए। संवाद