कुरुक्षेत्र। थानेसर में बीएसएनएल सेवा ठप होने का असर बैंकों पर भी रहा और दो दिन में करोड़ों रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ।
शनिवार को हालात ये रहे कि थानेसर के अधिकतर सरकारी बैंक सुनसान दिखे, जबकि कुछ बैंकों में ग्राहक पहुंचे, लेकिन इंटरनेट ठप होने का पता चलते ही लौट गए।
पीएनबी, ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स और सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक में कोई काम नहीं हुआ। हालांकि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं में कुछ हद तक ही काम प्रभावित हुआ, क्योंकि उनके पास इसके अलावा अन्य ऑप्शन भी उपलब्ध हैं।
गौरतलब है कि बीएसएनएल की छोटी एक्सचेंज के स्थानांतरण का काम चल रहा है। शुक्रवार को भी इस कारण टेलीफोन और इंटरनेट सर्विस पूरी तरह से बंद रही, जबकि शनिवार को भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे रोड स्थित पीएनबी शाखा प्रबंधक जेएन सिंह ने बताया कि बीएसएनएल के अलावा भी वीसेट इंटरनेट पर अकाउंट साफ्टवेयर पर बैंक का काम चलता है, लेकिन यह इतना धीमा है कि अगर बीएसएनएल की लाइन ठप हो जाए, तो फिर दस मिनट में होने वाला काम एक घंटे में होता है। उन्होंने बताया कि उनकी ब्रांच में प्रतिदिन 500-600 लोग आते हैं, लेकिन आज काम न के बराबर हुआ।
रेलवे रोड स्थित पीएनबी शाखा प्रबंधक जेएन सिंह ने कहा कि इस समस्या के कारण ग्राहक और स्टाफ परेशान हैं। उपभोक्ता बीएसएनएल की सेवा बंद रहने के कारण आ रही दिक्कत को समझने को तैयार नहीं और उनकी ब्रांच से इन दो दिनों में छह उपभोक्ताओं ने अपना खाता बंद करा दिया है। उन्होंने बताया कि निगम के जेई से बात की तो उन्हें रविवार सुबह तक इंटरनेट सेवाएं सुचारु होने का आश्वासन दे दिया।
भारतीय संचार निगम लिमिटेड की छोटी एक्सचेंज स्थानांतरण के कारण हुडा प्लॉट भरने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हुडा में प्लॉट के लिए सैकड़ों लोग आवेदन नहीं कर पाए। बता दें कि शुक्रवार को हुडा प्लॉट के लिए आनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि थी और पीएनबी में पहुंचे सैकड़ों लोग मायूस लौट आए।
शहर में एचडीएफसी और आईसीआईसीआई अन्य निजी बैंकों के उपभोक्ताओं को इस समस्या का सामना नहीं करना पड़ा, क्योंकि निजी बैंकों में अन्य कंपनियों के कनेक्शन थे। इससे उनके काम पर कुछ खास प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा।
बीएसएनएल सेवाएं बंद होने के कारण व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा। लैंडलाइन पर मिलने वाले ऑर्डर होटलों और रैस्तरां को नहीं मिले, जिस कारण व्यापारियों को हानि हुई।
नगर के होटल मेजबान सहित अन्य होटलों को प्रतिदिन 20 से 30 और सेक्टर-17 स्थित पिज्जा कंपनी को प्रतिदिन लैंडलाइन फोन पर 50 से 60 ऑर्डर मिलते हैं। इनमें से कुछ की होम डिलीवरी होती है, ये भी प्रभावित हुए।
बीएसएनएल के डीजीएम योगेश कुमार ने बताया कि अभी काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि काम में समय तो लगता ही है। उनके अनुसार शनिवार देरशाम तक ही काम पूरा हो पाएगा।