पिहोवा। कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है, जिसमें एक लाख से अधिक योग साधक योग अभ्यास करके विश्व रिकॉर्ड बनाएंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य की थीम पर मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा कार्यक्रम क्षेत्र की ड्रोन कैमरों से चप्पे-चप्पे की निगरानी की जाएगी।
उपमंडल अधिकारी नागरिक कपिल कुमार ने कहा कि 21 जून को होने वाले 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। पतंजलि योगपीठ के स्वामी रामदेव के सान्निध्य में योग कार्यक्रम को किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता आयुष एवं स्वास्थ्य मंत्री हरियाणा कुमारी आरती सिंह राव करेंगी।
इस योग महाकुंभ को जिला प्रशासन, आयुष विभाग, हरियाणा योग आयोग व पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के सहयोग से राज्य स्तरीय कार्यक्रम को सफलतापूर्वक मनाया जाएगा। एसडीएम ने सभी आमजन से आह्वान किया कि वे 21 जून को प्रात: पांच बजे से पहले ब्रह्मसरोवर पर पहुंचकर योग महाकुंभ में हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि हम सभी के लिए यह गर्व की बात है कि आज हमारे योग और पारंपरिक चिकित्सा के बारे में जानने की दुनिया में जिज्ञासा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मसरोवर और मेला ग्राउंड में विभिन्न स्कूलों के छठी कक्षा से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी बिठाए जाएंगे। संवाद