फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धर्मनगरी में लघु फिल्म महोत्सव का आगाज

Fri, 14 Apr 2017 12:25 AM IST
ब्यूरो/कुरुक्षेत्र,अमर उजाला
विज्ञापन
actors perform - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मैक के प्रांगण में वीरवार को हरियाणा अंतरराष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव की शुरुआत शिव पार्वती की आराधना से की गई। कलाकार सतीश कश्यप और डा. संध्या शर्मा के साथ कलाकार प्रवीण, प्रणव, मनु ने शिव पार्वती को लेकर श्वांग की प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया। मेहमानों ने तालियां बजाकर इनकी प्रस्तुति को सराहा।
विज्ञापन


 शुभारंभ अवसर पर आरएसएस के सह प्रचार प्रमुख जे नंद कुमार, विधायक सुभाष सुधा, उपायुक्त  सुमेधा कटारिया, फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा, अभिनेत्री मेघना मलिक, मैक से सुदेश शर्मा, महेश जोशी, महोत्सव के निदेशक धर्मेंद्र डांगी, नकूल, दिनेश गोयल, कमलप्रीत मोदगिल, डा. महासिंह पूनिया, अर्चना सुहासिनी, रोशन वर्मा, एसपी चौहान आदि ने दीपशिखा प्रज्ज्वलित किया और फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा ने महोत्सव की नींव रखने वाले लोगों का परिचय करवाया। हरियाणा की सरजमीं से जुड़े फिल्म अभिनेता स्वर्गीय ओमपुरी, स्वर्गीय जेपी कौशिक, स्वर्गीय मनफूल डांगी, स्वर्गीय रोशन वर्मा को सभी ने महोत्सव के शुरू होने से पहले दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

हरियाणा की संस्कृति के साथ ही पूरा होता है भारत : नंद                
इस अवसर पर आरएसएस के सह प्रचार प्रमुख जे नंद कुमार ने कहा कि हरियाणा की संस्कृति की अनूठी छटा से ही संपूर्ण भारत का निर्माण होता है। हरियाणा के बिना भारत की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए यहां की संस्कृति को पूरे विश्व में फैलाने के लिए कलाकारों के साथ आमजन की भागीदारी जरूरी है। इन्हीं प्रयासों को अमलीजामा पहनाने के लिए ही कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि पर पहला हरियाणा अंतर्राष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव का शुभारंभ किया गया है।
विज्ञापन


   महोत्सव की अध्यक्षता कर रहे विधायक सुभाष सुधा ने सभी आयोजकों का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र व राज्य सरकार मिलकर कुरुक्षेत्र को पर्यटन के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विकसित कर रहे हैं। इस पर्यटन स्थली को विकसित करने के लिए सरकार ने श्रीकृष्ण सर्किट के तहत करीब 100 करोड़ रुपये की अनुदान राशि दी है। उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र के नाम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से ही हरियाणा अंतरराष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव का आयोजन किया गया है। यह महोत्सव सही मायनों में कुरुक्षेत्र को एक अलग पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव में 12 देशों से 17 भाषाओं 65 फिल्में दिखाई जाएंगी।

कलाकारों को एक छत के नीचे लाने का मकसद पूरा : यशपाल
फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा ने कहा कि एक छत के नीचे हरियाणा के कलाकारों को लाने का मकसद पूरा हुआ है, लेकिन इस मकसद के पीछे दर्शकों को साथ जोड़ना हैं, क्योंकि दर्शकों के बिना सिनेमा को मुकाम तक नहीं पहुंचाया जा सकता। दर्शकों को सिनेमा के साथ जोड़ने के लिए अच्छी फिल्में तैयार की जा रही हैं। इस नई शुरुआत से काम बढ़ेगा, दर्शक मिलेंगे और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। कार्यक्रम में धर्मेन्द्र डांगी व नकुल ने मेहमानों का आभार व्यक्त किया। मौके पर एडीसी धर्मवीर सिंह, एसडीएम नरेंद्र पाल मलिक, एसडीएम पिहोवा पूजा चावरिंया, अनूप लाठर, रेखा वर्मा, रवि चौहान, राजीव भाटिया, गोस्वामी, सुनीता डाबर, उमेश शर्मा, भाल सिंह बल्हारा, आरआर फुलिया, हरीश कटारिया, प्रशांत शुक्ला, राजू मान, मैक के मुख्य सलाहकार महेश जोशी, रोशन वर्मा, संदीप शर्मा आदि फिल्मी कलाकार व अधिकारी गण मौजूद थे।      
   
हरियाणवी लोकगीतों के साथ किया मेहमानों का स्वागत      
महोत्सव के सभागार में पहुंचने से पहले सभी मेहमानों का हरियाणवी लोकगीतों के साथ परंपरा अनुसार स्वागत किया गया। अर्चना सुहासिनी और उनकी टीम के सदस्यों ने हरियाणा में विवाह और अन्य खुशी के पर्वों पर गाए जाने वाले परंपरागत लोकगीतों के साथ मेहमानों का स्वागत किया और हरियाणवी लोक नृत्य भी किया।
    
हरियाणा में सर्वश्रेष्ठ फिल्मी कलाकार को मिलेगा ओमपुरी लाइफ अचीवमेंट अवार्ड      
फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा ने कहा कि हरियाणा में सर्वश्रेष्ठ फिल्म कलाकार को ओमपुरी लाइफ अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा जाएगा। यह अवार्ड देने की परंपरा हरियाणा अंतरराष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव से की जा रही है। इतना ही नहीं हरियाणवी सिनेमा को एक मुकाम तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को साथ जोड़ने के लिए अब प्रत्येक जिले में हरियाणा अंतरराष्ट्रीय लघु फिल्म महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

 इससे पहले आरएसएस के सह प्रचार प्रमुख जे आनंद कुमार, विधायक सुभाष सुधा, उपायुक्त  सुमेधा कटारिया, फिल्म अभिनेता यशपाल शर्मा, फिल्म नेत्री मेघना मलिक, महोत्सव के निदेशक धर्मेनद्र डांगी, नकूल, दिनेश गोयल, कमलप्रीत मोदगिल, डा. महासिंह पूनिया, सुदेश शर्मा, महेश जोशी, अर्चना सुहासिनी, रोशन वर्मा, एसपी चौहान ने 1989 में कमेटी द्वारा चुने गए सर्वश्रेष्ठ कलाकारों और फिल्मों को एचडीएफसी अवार्ड देकर सम्मानित किया। जिनमें सर्वोत्तम फिल्म समीक्षक का अवार्ड रोशव वर्मा व सुशील सैनी को दिया गया। स्पेशल ज्यूरी सिंगर अवार्ड अनिल शर्मा, स्पेशल ज्यूरी अवार्ड अभिनय का अवार्ड राजू मान, स्पेशल ज्यूरी डांस अवार्ड लाडो बसंती से उषा शर्मा, स्पेशल ज्यूरी म्यूजिक अवार्ड जेपी कौशिक व भाल सिंह बल्हारा, स्पेशल ज्यूरी डायलाग अवार्ड राजू मान व जयंत प्रभाकर को जर, जोरु जमीन के लिए दिया गया।

इस महोत्सव में स्पेशल ज्यूरी आर्ट निर्देशक का अवार्ड देवी शंकर प्रभाकर, स्पेशल ज्यूरी कामेडी अवार्ड जनार्दन शर्मा, फुल बदन फिल्म से गायक मेल अवार्ड व वैरी फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर का अवार्ड भाल सिंह बल्हारा, बेस्ट सिंगर का अवार्ड ओपी हरियाणवी, म्हार माटी म्हारी मां का फिल्म के लिए अवार्ड सूरज चौधरी, छैल गबरु के लिए स्वर्गीय लहरी सिंह को, लाडो बसंती बेस्ट एक्टर अनूप लाठर को, सहायक कलाकार का अवार्ड स्वर्गीय जयंत प्रभाकर, जर, जोरु और जमीन की बेस्ट अभिनेत्री का अवार्ड सुमित्रा हुड्डा, बेस्ट एक्टर का हरीश अरोड़ा, छैल गबरु फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर के लिए अरविंद स्वामी, छैल गबरु बेस्ट फिल्म का अवार्ड पुरुषोत्तम चौधरी को दिया गया।

उद्घाटन सत्र में ये फिल्में दिखाई
फिल्म फेस्टिवल का आयोजन जिला प्रशासन व संस्कृति सोसायटी फॉर आर्ट एंड कल्चरल डेवलपमेंट सोसायटी के सहयोग से मल्टी आर्ट कल्चरल सेंटर में 13 से 16 अप्रैल तक होगा। उद्घाटन सत्र में पहले दिन की फिल्मों की थीम कला और संस्कृति पर आधारित थी। हरियाणवी फिल्म लाडो बसंती से फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत हुई। इसके पश्चात लघु हिंदी फिल्म तांडव, आऊच व मोक्ष, स्पेनिश फिल्म कजा रायपिडा, पंजाबी फिल्म ऑन दी बेटेन पथ, हरियाणवी फिल्म सामण का प्रदर्शन किया गया। सायं के दूसरे सत्र में टाइम ऑफ डांसिंग, लघु मराठी फिल्म वर्षा व हिंदी फिल्म झांकी दिखाई गई। रात्रि के सत्र में हरियाणवी फिल्म म्हारी धरती-म्हारा मान का लुत्फ दर्शकों ने उठाया।

दूसरे दिन के सत्र का वित्तमंत्री करेंगे उद्घाटन
दूसरे दिन के सत्र का उद्घाटन हरियाणा के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु सुबह 11 बजे करेंगे। आज के सत्र की फिल्मों की थीम सामाजिक मुद्दों पर आधारित होगी। सामाजिक मुद्दों को लेकर सुबह के सत्र में ताईवानी फिल्म मिलियन स्टार दिखाई जाएगी। दोपहर के सत्र में लघु हिंदी फिल्म नयी अम्मी, लिविंग आइडल और कबूल (एडिटर और डायरेक्टर राहुल तिवारी), तेलगू फिल्म निशीधी, तमिल फिल्म 93 दॉट आउट, हरियाणवी फिल्म दायरा, फ्रेंच फिल्म एंटोनी दिखाई जाएगी। सायं के सत्र में लघु अंग्रेजी फिल्म द डिसीजन व इन एंड अबोव हार्ट, हिंदी फिल्म अनोखी, मराठी फिल्म लाइफ ऑफ मुंबई, हरियाणवी फिल्म मैरिज बाजार व बारेफीट इंप्रेशन दिखाई जाएगी। सायं के सत्र में ही म्यूजिक वीडियो स्क्रीनिंग का प्रोग्राम भी होगा। रात्रि के सत्र में हरियाणवी फिल्म धन पराया का प्रदर्शन किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें