कुरुक्षेत्र। पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर आगामी 28 नवंबर से 15 दिसंबर तक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव में तंजानिया सहभागी देश तथा ओडिशा सहभागी राज्य होगा। पूर्व मंत्री सुभाष सुधा ने सोमवार को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड कार्यालय में महोत्सव की तैयारियों के बारे में चर्चा के दौरान यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम पांच से 11 दिसंबर तक आयोजित होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि पात्र लोगों के लिए सीआरसी फंड के तहत 50 रेहड़ियां उपलब्ध करवाई जाएंगी, ताकि वह इन रेहड़ियों के माध्यम से अपने उत्पादों को यहां पर बेच सकें। इसके साथ-साथ यातायात की दृष्टि से व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। वर्ष 2016 से प्रदेश सरकार ने गीता महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने की शुरुआत की है, तब से हरियाणा का नाम देश-विदेश में विख्यात हुआ है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए भी शहर में विशेष तौर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। महोत्सव के अवसर पर क्राफ्ट और सरस मेले का भी आयोजन होगा। इस संदर्भ में जल्द ही प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों द्वारा स्टाॅल निर्धारित कर दिए जाएंगे। महोत्सव में सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक प्रबंध होंगे तथा आने-जाने वालों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से रखी जाएगी। इस महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे तथा 48 कोस की परिधि में आने वाले स्थलों पर गीता महोत्सव से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव में पेयजल की व्यापक व्यवस्था की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को कोई समस्या न आए।