कुरुक्षेत्र। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा मेरा युवा भारत पोर्टल पर 15 अगस्त तक राष्ट्रव्यापी पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य पांच करोड़ युवाओं को पोर्टल से जोड़ना है। उप निदेशक सुरमयी शर्मा ने बताया कि जिले के महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, विद्यालयों और राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाइयों में विशेष शिविर लगेंगे। इनमें जन जागरूकता कार्यक्रम, संवाद गोष्ठियां और प्रचार-प्रसार गतिविधियां होंगी।
मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक युवाओं को पोर्टल पर पंजीकरण कराने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करेंगे। यह केवल पंजीकरण मंच नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। अभियान के दौरान प्रत्येक स्वयंसेवक, माई भारत नामित अधिकारी और माई भारत स्टूडेंट एम्बेसडर अपने रेफरल कोड से युवाओं को पोर्टल से जोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे। उप निदेशक ने 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवाओं से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।