कुरुक्षेत्र। प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित करने के दौरान प्राचार्य सहित अन्य सदस्य। स्वयं
कुरुक्षेत्र। राजकीय महाविद्यालय भेरियां में इंडिया एआई इंपेक्ट समिट-2026 की प्री-समिट गतिविधियों के अंतर्गत पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन रसायन विज्ञान विभाग, भौतिकी विभाग और एनएसएस इकाई के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रति जागरूकता बढ़ाना और शिक्षा, अनुसंधान और समाज पर इसके प्रभाव को समझने के लिए उन्हें प्रेरित करना रहा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उच्च शिक्षा में एआई का प्रभाव, शोध में एआई की भूमिका, स्वास्थ्य एवं कृषि क्षेत्र में एआई का उपयोग, एआई में कॅरिअर के अवसर और विज्ञान शिक्षा में एआई आधारित टूल्स जैसे विषयों पर आकर्षक और विचारोत्तेजक पोस्टर प्रस्तुत किए। इंशिका (बीए तृतीय वर्ष) ने प्रथम स्थान, मनप्रीत (बीएससी तृतीय वर्ष) ने द्वितीय स्थान और महक (बीए प्रथम वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य सुभाष चंद्र शर्मा ने कहा कि आज के डिजिटल युग में एआई जैसी उभरती तकनीकों की समझ समय की आवश्यकता है। इस मौके पर डॉ. प्रेरणा (विभागाध्यक्ष, रसायन विज्ञान), डॉ. ललित (सहायक प्राध्यापक, रसायन विज्ञान), स्वाति (भौतिकी विभाग), अमित (एनएसएस प्रभारी) सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।