लाडवा। अंतरराष्ट्रीय सामाजिक संस्था इनर व्हील क्लब द्वारा जहां 10वीं कक्षा के एक छात्र की वार्षिक फीस अदा की गई वहीं एक मुस्लिम महिला की दो बेटियों की शादी में आर्थिक सहयोग देकर अपने कर्तव्य का निर्वाह किया। क्लब प्रधान अंजलि गोयल ने बताया कि उनकी संस्था हमेशा ही सामाजिक व धार्मिक कार्यों के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण व सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने का काम करती रहती है। प्रवक्ता रविंदर कौर ने बताया कि अभी हाल ही में क्लब ने गुरु नानक हाई स्कूल लाडवा के 10वीं कक्षा के छात्र की वार्षिक फीस अदाकर उसे शिक्षा क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका दिया। उन्होंने बताया कि क्लब ने उसकी बहन को भी वार्षिक फीस की आर्थिक सहयोग दिया था वहीं स्कूल के प्रिंसिपल अरविंद सिंह ने क्लब की सदस्याओं का आभार व्यक्त किया।
वहीं उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा लाडवा की ही एक मुस्लिम महिला की दो बेटियों की शादी में 15 हजार रुपए की आर्थिक राशि का सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि बेटियों के पिता की कैंसर से मौत हो गई थी और उसके इलाज के दौरान उनका मकान तक बिक गया था। इस अवसर पर प्रधान अंजलि गोयल, वरिष्ठ पदाधिकारी गुरप्रीत कौर, पूर्व प्रधान सतविंदर कौर, प्रिंसिपल अरविंद सिंह आदि उपस्थित रहे।