फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकार को चार प्रस्तावों पर घेरेगी इनेलो : अभय

Sat, 07 Nov 2015 12:50 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/ कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि केंद्र सरकार ने गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 75 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी किसानों के साथ भद्दा मजाक है।
विज्ञापन


उनकी मांग है कि गेहूं का एमएसपी 2500 रुपये क्विंटल दिया जाए। उन्होंने किसानों को उनका लागत मूल्य भी न देने पर भाजपा सरकार की निंदा की।


इनेलो नेता अभय चौटाला और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा शुक्रवार को कुरुक्षेत्र की पंजाबी धर्मशाला में आयोजित इनेलो राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि भाजपा सरकार की विफलताओं और जन विरोधी नीतियों को उजागर करने के लिए इनेलो प्रदेश भर में 14 से 20 नवंबर तक सभी 90 हलकों में सरकार के खिलाफ पोल खोल अभियान चलाएगी।

बिजली की दरों और एफएसए में की बढ़ोतरी वापस लेने, धान खरीद में हो रहे घोटाले की उच्च स्तरीय जांच करवाने, किसानों को उनका पूरा पैसा देने की मांग की जाएगी। इनेलो नेताओं ने बताया कि यदि 20 नवंबर तक बिजली दरों की बढ़ोतरी वापस न ली गई और धान खरीद घोटाले की जांच न करवाई गई तो इनेलो पंचकूला में 23 नवंबर से शक्ति भवन के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगी।
विज्ञापन


23 नवंबर को ही पार्टी के सभी विधायक, सांसद, पूर्व विधायक व पूर्व सांसद पार्टी कार्यालय से मुख्यमंत्री आवास तक पैदल मार्च करेंगे और सीएम को ज्ञापन सौपेंगे। इसके बाद भी मांग पूरी न हुई, तो हरियाणा बंद का आह्वान करेगी। इनेलो ने हुड्डा सरकार के भूमि घोटालों के खिलाफ राज्यपाल को एक चार्जशीट सौंपी थी।

सीएम मनोहर लाल खट्टर ने विधानसभा में इस चार्जशीट में लगाए गए आरोपों की जांच करवाने का भरोसा दिया था। एक साल बीत जाने पर भी अभी तक जांच शुरू नहीं हुई है। इससे साफ है कि कांग्रेस व सरकार में इस मामले को लेकर कोई समझौता हो गया है। अब इनेलो इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री को भी चार्जशीट की एक कॉपी सौंपेगी।  
राज्य कार्यकारिणी की बैठक में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा, पूर्व स्पीकर सतबीर सिंह कादियान, सिरसा के सांसद चरणजीत सिंह रोडी, इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला, पूर्व डिप्टी स्पीकर गोपी चंद गहलोत, डॉ. केसी बांगड़, आरएस चौधरी, डॉ. एमएस मलिक, बीडी ढालिया, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, रणबीर सिंह गंगवा, निशान सिंह, पूर्ण सिंह डाबरा, तेलू राम जोगी आदि मौजूद रहे।

समाज का हर वर्ग दु:खी और परेशान : चौटाला
बैठक को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला और प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि मौजूदा सरकार के एक साल के कार्यकाल में समाज का हर वर्ग बेहद दुखी और परेशान है। भाजपा ने लोगों से झूठे वादे करके सत्ता हथियाई है। इनेलो नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को रोहतक रैली की अभूतपूर्व सफलता के लिए बधाई दी।


चार प्रस्ताव किए पास
बैठक में बिजली की बढ़ी हुई दरों को वापस लेने के लिए नलवा के विधायक रणबीर सिंह गंगवा ने, धान घोटाले की जांच को लेकर पूर्व विधायक निशान सिंह कंबोज ने, बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने की मांग को लेकर पूर्व शहरी विकास मंत्री सुभाष गोयल ने और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर डॉ. एमएस मलिक ने चार प्रस्ताव रखे। इसे पार्टी नेताओं ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। मंच का संचालन पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें