कुरुक्षेत्र। जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर गांव समानी में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि इस शिविर के दौरान पैनल अधिवक्ता कुलदीप सिंह, पीएलवी अमनप्रीत की ओर से उपस्थित लोगों को बालिकाओं के अधिकारों, उनके स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों और अन्य कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें राष्ट्रीय बालिका दिवस के उद्देश्य व महत्व से भी अवगत कराया गया। इसके अलावा प्रतिभागियों को डीएलएसए की ओर से प्रदान की जाने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता और बालिकाओं के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि समाज में बालिकाओं के संरक्षण, सशक्तीकरण व समानता को बढ़ावा दिया जा सके।