कुरुक्षेत्र। इंडोनेशिया के बाली में 12 सितंबर से चल रहा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव शनिवार को वैश्विक गीता पाठ व हवन यज्ञ के साथ संपन्न हुआ। इंडोनेशिया के युवाओं ने गीता के 12वें अध्याय का संस्कृत में उच्चारण प्रस्तुत कर सबको आश्चर्यचकित कर दिया। महोत्सव के समापन पर समुंदर के किनारे पवित्र ग्रंथ गीता की महाआरती में विभिन्न देशों के श्रद्धालु शामिल हुए और विधायक मेदू पार्ता सहित सभी ने मंत्रोच्चारण के बीच हवन यज्ञ में आहुति डाली।
इस कार्यक्रम में पद्मश्री इंदिरा उदयाना की तरफ से इंडोनेशिया के युवा कलाकारों ने बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों व सायंकालीन भक्ति संगीत में शानदार प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया। समापन समारोह से पहले गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने बाली के राज्यपाल आई वायन कोस्टर को पवित्र ग्रंथ गीता भेंट की। राज्यपाल ने महर्षि मार्कंडेय के नाम से कुरुक्षेत्र में कल्चरल सेंटर विकसित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर हरियाणा के पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अमलीजामा पहनाने का भरोसा दिया। इससे पहले गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, पर्यटन मंत्री डाॅ. अरविंद शर्मा, विदेश मंत्रालय दक्षिण क्षेत्र की सचिव डाॅ. नीना मल्होत्रा, हरियाणा सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डाॅ. अमित अग्रवाल, बाली में भारत के सीजीआई डाॅ. शशांक विक्रम ने छठे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के समापन समारोह में पवित्र ग्रंथ गीता का पूजन किया और विधिवत रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कुरुक्षेत्र और बाली के बीच सांस्कृतिक विरासत का एक नया अध्याय हुआ शुरू : गीता मनीषी
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि इंडोनेशिया बाली में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव से कुरुक्षेत्र और बाली के बीच सांस्कृतिक विरासत का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। इन्हीं सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए इंडोनेशिया के राज्यपाल की तरफ से कुरुक्षेत्र में महर्षि मार्कंडेय के नाम पर कल्चरल सेंटर विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि यह एक उत्सव ही नहीं अपितु भारत और इंडोनेशिया के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का एक माध्यम बनेगा। इस महोत्सव से आर्थिक दृष्टि के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों को भी महत्व मिलेगा।
पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि इंडोनेशिया की धरा से विश्व के कोने-कोने में पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश पहुंचेंगे। महोत्सव में यूके, यूएसए, स्पेन और कई अन्य देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
कुरुक्षेत्र महोत्सव में पहुंचेंगे विभिन्न देशों के 23 स्कॉलर
विदेश मंत्रालय दक्षिण क्षेत्र की सचिव डाॅ. नीना मल्होत्रा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव कुरुक्षेत्र में इस वर्ष विदेश मंत्रालय की तरफ से विभिन्न देशों के 23 स्कॉलर पहुंचेंगे। इसके साथ ही विदेश मंत्रालय की ओर से कुरुक्षेत्र अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रमों का आयोजन 40 देशों में किया जाएगा।