कुरुक्षेत्र। अपराध अन्वेषण शाखा-दो की टीम हैंड ग्रेनेड के साथ पकड़े गए दोनों आरोपियों को पंजाब में निशानदेही करवाने के बाद शुक्रवार को वापस लेकर कुरुक्षेत्र लौटी है। मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां सीआईए से संपर्क में हैं लेकिन हमले की सटीक जगह, समय या कोई नई गिरफ्तारी का खुलासा अभी तक नहीं हुआ है।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। पुलिस ग्रेनेड सप्लायर, हथियार मुहैया कराने वालों और साजिश के अन्य कड़ियों की तलाश में जुटी है। पंजाब पुलिस भी अलर्ट पर हैं और आरोपियों के संपर्कों से पूछताछ कर रही है।
सीआईए प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि विभिन्न टीमों से हर एंगल की जांच जारी है। पंजाब पुलिस की मदद से नेटवर्क उजागर करने का प्रयास हो रहा है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होगा और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वे अमेरिका और इंग्लैंड में बैठे आकाओं के इशारे पर काम कर रहे थे। हमले का सटीक लक्ष्य और समय की जानकारी आरोपियों को नहीं थी लेकिन मंशा अधिकतम नुकसान पहुंचाने की थी। पुलिस अब आरोपियों से मिली जानकारी जोड़कर साजिश का पूरा चक्र उजागर करने में लगी है।