प्रदेश के उद्योग मंत्री विपुल गोयल पहुंचे अग्रसेन जयंती समारोह में
- फोटो : अमर उजाला
राज्य सरकार प्रदेश में बड़े उद्योग स्थापित करने के लिए नया प्लेटफार्म तैयार कर रही है। इसके लिए उद्योगों को तमाम प्रकार की सहूलियतें देने का काम किया जा रहा है।
ये बातें प्रदेश के उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने कहीं। वे शनिवार को महाराजा अग्रसेन जयंती पर अग्रवाल धर्मशाला में समाज की तरफ से हुए कार्यक्रम में जाने से पहले पिपली पैराकीट में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को महाराजा अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने पांच हजार वर्ष पहले सबका साथ सबका विकास करने का मार्ग दिखाया था। इस मार्ग पर चलते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में समान रूप से विकास करने के लिए सबका साथ-सबका विकास का नारा दिया है। इस लक्ष्य को लेकर राज्य सरकार प्रत्येक जिला का समान रूप से विकास करने के लिए योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हरियाणा उद्योग के क्षेत्र में 14वें से 5वें पायदान पर पहुंच गया है। सरकार की नई पालिसी में उद्योग को विकसित करने के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं देने का प्रावधान किया गया। इसके तहत उद्योग के भूमि देने के लिए पंचायतों से जमीन लीज पर देने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार की तरफ से बिजली की दरों में रियायतें देने का निर्णय लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बड़े उद्योगों के लिए प्लेटफार्म तैयार किया है। इस योजना के तहत सड़कों, पानी, ऋण सहित सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। कार्यक्रम में श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत वर्किंग कमेटी के कन्वीनर विश्वपाल गोयल टिक्कू ने स्वागत किया और इसके बाद अग्रवाल समाज द्वारा मंत्री को सम्मानित किया गया।