कुरुक्षेत्र। सड़क सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की मासिक बैठक में उपायुक्त ने अवैध कट और ब्लैक स्पॉट को चिह्नित करके तुरंत प्रभाव से बंद करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट किया समिति के तहत जिन बिंदुओं पर चर्चा हुई, वे सभी कार्य आगामी बैठक से पहले सुनिश्चित होने चाहिए। साथ ही पुलिस और आएटीए चालान प्रक्रिया में तेजी लाएं। इसके अलावा जागरूक अभियान भी चलाए जाए ताकि नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा सके।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने सड़क हादसे के बारे, माॅर्डन रोड बनाने, अवैध कटों को बंद करने, सड़कों को दुरुस्त करने, स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए। रात के समय गाड़ियों के अंदर एलईडी लाइट लगी होती है, जिसके चलते उसकी लाइट सीधा आने वाले वाहन चालकों पर पड़ती है। इससे सड़क दुर्घटना की आशंका रहती है, इसलिए पुलिस सुनिश्चित करे कि ऐसे वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अवैध कट या ब्लैक स्पॉट को लोक निर्माण भवन एवं सड़क विभाग तथा एनएचएआई के अधिकारी बेहतर समन्वय बनाकर तुरंत बंद करने का काम करें।
उन्होंने कहा कि जहां पर भी सड़कें टूटी हुई है या सड़को पर गड्ढे हैं, उन्हें भी दुरुस्त किया जाए। किसी भी अधिकारी के संज्ञान में भी सड़क सुरक्षा वाहन पॉलिसी के तहत कोई नया बिंदु एवं कार्य आता है तो वे इस तरह के एजेंडे को बैठक से पहले डलवाना सुनिश्चित करें ताकि उस पर चर्चा करते हुए इस बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सके।
पुलिस और आरटीए ने किए चालान
आरटीए सचिव राजीव प्रसाद ने कहा कि विभाग ने अप्रैल और मई में 645 ओवर लोडिड वाहन चालकों के चालान किए हैं। इनसे विभाग ने दो करोड़ 36 लाख 4200 रुपये का जुर्माना वसूल किया है। उधर, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने अप्रैल व मई में कुल 3898 चालान कर 59 लाख 4 हजार 400 रुपये का जुर्माना किया गया। पुलिस ने ओवर स्पीड के 1022 चालान, बिना हेलमेट के 338, बिना सीट बेल्ट के 136, गाड़ी चलाते हुए मोबाइल का प्रयोग करने पर 10, लेन चेंज के 1571 और दो स्कूल बसों चालान किए है। इसी प्रकार ट्रिपल राइडिंग 30 चालान, गलत साइड ड्राइविंग के 99, गलत पार्किंग के 108 व अन्य 95 चालान किए गए हैं।