कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी एडहॉक का 18 माह का कार्यकाल आज 31 मई को खत्म हो जाएगा। इसके बाद वर्तमान एडहॉक कमेटी ही कार्य करती रहेगी या प्रदेश सरकार की ओर से कुछ बदलाव व अन्य कदम उठाया जाएगा, इस पर हर किसी की नजरें टिकी हुई हैं। वहीं स्थायी कमेटी के चुनाव की मांग को लेकर अब प्रदेश के सिख नेता फिर से सक्रिय हो गए हैं। वर्तमान कमेटी का कार्यकाल खत्म होने से एक दिन पहले कमेटी प्रधान भूपिंद्र सिंह असंध ने जहां प्रदेश सरकार से स्थायी कमेटी के चुनाव जल्द कराए जाने की मांग की तो वहीं वरिष्ठ सिख नेता एवं कमेटी सदस्य दीदार सिंह नलवी भी मुखर दिखाई दिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान एडहॉक कमेटी फिर से 18 माह का कार्यकाल लेने पर आमादा है, जो उचित नहीं है। स्थायी कमेटी के चुनाव की प्रक्रिया पहले से चलाई हुई है और इसे अब आगे पूरी करने को लेकर गुरुद्वारा चुनाव आयोग तैयार है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार टालमटोल करती दिखाई दे रही है। प्रदेश सरकार ने जुलाई माह के पहले सप्ताह तक चुनाव नहीं कराए तो प्रदेश की संगत सड़कों पर आ जाएगी। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि कमेटी का कार्यकाल खत्म हो गया है और अब सरकार व कमेटी सिख संगत का सहयोग चाहती है तो तत्काल चुनाव कराए जाएं। सरकार चलाई गई प्रक्रिया रोक नहीं सकती और इस पर रोक गैर कानूनी है।
हरियाणा कमेटी पूरी तरह से चुनाव करवाने के हक में : नलवी
हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान जत्थेदार भूपिंदर सिंह असंध ने कमेटी मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा कमेटी पूरी तरह से चुनाव करवाने के हक में है। प्रदेश सरकार जल्द से जल्द एचएसजीएमसी के चुनाव करवाए। कमेटी के सभी पदाधिकारी व सदस्य यह मांग समय-समय पर करते रहे हैं।
उधर जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा कि गैर सिखों की वोट रद्द कर सरकार सबसे पहले सांबत सूरत सिखों की वोट बनवाएं। इसके बाद सरकार को जल्द से जल्द हरियाणा कमेटी का चुनाव करवाना चाहिए। दादूवाल ने कहा कि हुड्डा सरकार द्वारा भी हरियाणा कमेटी के सदस्यों को नामित किया गया था, वो भी सरकारी कमेटी थी। उस कमेटी को न तो श्री अकाल तख्त साहिब ने बनाया था और न ही संगत। उनका चयन भी 18 महीने के लिए हुआ था, लेकिन उन्होंने आठ साल तक काम किया।
गुरुद्वारा साहिबान के सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम हैड ऑफिस में किया जाएगा स्थापित : दादूवाल
धर्म प्रचार के चेयरमैन जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा कि सभी गुरुद्वारा साहिबान के सीसीटीवी कैमरों का एक कंट्रोल रूम हैड ऑफिस में स्थापित किया जाएगा। इससे गुरुद्वारा साहिबान के प्रबंध एवं कर्मचारियों पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि ऑडिट करवाने की मांग करने वाले पूर्व पदाधिकारी बादल परिवार के साथ मिलकर हरियाणा कमेटी को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। बादल परिवार ने टीवी चैनल मुहैया करवाया और पूर्व पदाधिकारी ने गलत बयानबाजी कर संगत को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि संगत को इसके पीछे की दुर्भावना को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा कमेटी के सोशल मीडिया के अकाउंट के पासवर्ड वापस देने चाहिए, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जगदीश सिंह झींडा द्वारा अपने पद से इस्तीफा दिया जा चुका है। बावजूद इसके वे अपने निजी कोष से दो लाख रुपये की सहायता राशि की मांग की गई, जो कि अनुचित है।