अगर मेरी गाड़ी का चालान किया तो मैं आत्महत्या करके सबको फंसा दूंगा। इस धमकी के बाद भी जब आरटीए टीम ने ट्रक मालिक के खिलाफ कार्रवाई की तो आरोपी ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई तथा हाथापाई भी की। दरअसल, यह मामला पिहोवा अनाज मंडी का है, जब आरटीए टीम को देखकर एक ट्रक चालक अपना ओवर लोड ट्रक लेकर अनाज मंडी में घुस गया तथा ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी सुभाष चंद्र ने बताया कि 31 अक्तूबर को थाना शहर पिहोवा पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरटीए उर्मिल श्योकंद ने कहा कि दिनांक 31 अक्टूबर को वह अपनी टीम सहायक उप निरीक्षक दलबीर सिंह, जय भगवान व रमेश कुमार के साथ ओवरलोड वाहन की चेकिंग के लिए नजदीक सरस्वती ड्रैन पुल की तरफ से पिहोवा चौक की तरफ जा रहे थे। उसी समय एक ट्रक चालक पिहोवा चौक की तरफ जा रहा था, जो सामने सरकारी गाड़ी को देखकर एकदम अपने ट्रक को लेकर अनाज मंडी में चला गया था। उसके बाद वह चालक ट्रक को खुला छोड़कर मौके से फरार हो गया। टीम ने ट्रक मालिक से मोबाइल पर संपर्क किया तथा उसे व ड्राइवर को मौके पर बुलाया, मगर दोनों ने अपने से मना कर दिया। कुछ देर बाद वह ट्रक को स्टार्ट करवाकर वजन कराने के लिए सरस्वती धर्मकांटा पर ले जाने लगे तो तभी गाड़ी मालिक गगनदीप वासी पिहोवा मौके पर पहुंचा और गाड़ी के आगे स्कूटर लगाने की कोशिश की। उसने ट्रक को रुकवाकर सरकारी ड्यूटी में बाधा डाली और हाथापाई करने लगा। उसने धमकी देते हुए कहा कि अगर उसकी गाड़ी का चालान किया तो वह आत्महत्या करके आप सब को फंसा देगा। इसकी सूचना पुलिस को दी और पुलिस की सहायता से गाड़ी का धर्मकांटा से वजन कराया गया। वजन करने पर गाड़ी का वजन ओवरलोड पाया गया। जब मालिक से गाड़ी के दस्तावेज पेश करने बारे पूछा तो उसने कोई दस्तावेज पेश नहीं किए। इस कारण गाड़ी को इंपाउंड किया गया। गाड़ी के मालिक ने उसके तथा उसके कर्मचारियों के साथ हाथापाई करके व आत्महत्या की धमकी देकर सरकारी डयूटी मे ड्यूटी में बाधा डाली है। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया।