लाडवा। कांग्रेस की जनआक्रोश रैली में रविवार को पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा नहीं पहुंच सके। ऐसे में उनके बेटे और राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मोर्चा संभाला। इस दौरान उन्होंने बीजेपी और जजपा गठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधा। साथ ही कांग्रेस की सरकार आने पर 500 रुपये में गैस सिलिंडर और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की बात कही।
अनाजमंडी में विधायक मेवा सिंह की ओर से आयोजित रैली में दीपेंद्र ने कहा कि पक्की नौकरियों को कौशल निगम के जरिये कच्ची नौकरी में बदला जा रहा है। इसमें नौकरी की कोई गारंटी नहीं है और पेंशन तो बिल्कुल भी नहीं है। वहीं अस्पतालों में न डॉक्टर हैं और न स्कूलों में शिक्षक। अधिकतर विभागों में कर्मचारियों की भी कमी है। किसानों को सशक्त करने की जगह कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस सरकार आने पर 500 रुपये में गैस सिलेंडर और 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने सहित बुजुर्गों की पेंशन छह हजार करने का भरोसा दिलाया। यही नहीं कर्मचारियों की पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने की भी बात कही। इसके अलावा क्रीमीलेयर सीमा को छह लाख से बढ़ाकर 10 लाख करेंगे। नौजवानों को खाली पड़े दो लाख सरकारी पदों पर पक्की भर्ती करेंगे।
पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में बदलाव की हवा चल रही है। भाजपा जजपा सरकार ने पिछले साढ़े नौ सालों में प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई व बेरोजगारी फैलाने का काम किया है। प्रदेश का युवा मजबूरी में घर छोड़कर विदेश जा रहा है।
वही विधायक मेवा सिंह ने कहा कि वह हल्के की समस्याओं को विधानसभा में उठाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं लेकिन लाडवा हल्के में पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है। लाडवा में रामकुंडी चौक, इंद्री चौक व हिनोरी चौक पर 24 घंटे जाम की स्थिति बनी रहती है। लाडवा की सबसे पुरानी व लंबी मांग बाईपास का निर्माण करवाना तथा लड़कियों के लिए कॉलेज आदि की सरकार द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है, जिससे लाडवा हलके के लोगों में सरकार के प्रति भारी रोष है।
इस मौके पर पूर्व स्पीकर हरमोहिंद्र सिंह चट्ठा, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा , विधायक बीएल सैनी रादौर, जसबीर मलौर, जयवीर वाल्मीकि, कुलविंदर खैरा, अनिल शर्मा सरपंच भूत माजरा, अमर सिंह नयागांव, रवि देशवाल, भगवंत चीमा, हरप्रीत चीमा, जयपाल पांचाल, नैब कश्यप सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।