महाभारत सीरियल में अर्जुन का किरदार निभाने वाले फिरोज खान ने कुरुक्षेत्र उत्सव गीता जयंती पर सोमवार को लगे क्राफ्ट मेले का अवलोकन किया।
अवलोकन करते हुए उन्होंने कहा कि देश में कुरुक्षेत्र ऐसी सरजमीं है, जहां पर भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश देकर पूरी दुनिया को मानवता का संदेश दिया। कहा कि उनका मन इस भूमि पर बार-बार आने का करता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार कुरुक्षेत्र उत्सव गीता जयंती को इतने बड़े स्तर पर मनाकर भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के संवाद को आमजन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। उनकी मंशा है कि वर्तमान में भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन की इस पवित्र कर्मभूमि पर कुरुक्षेत्र उत्सव के दौरान अपने गीतों के माध्यम से लोगों को गीता से जोड़ें।
कुरुक्षेत्र उनका दिल है, वे कुरुक्षेत्र से किसी भी मूल्य पर अलग नहीं रहना चाहते। महाभारत के माध्यम से उन्हें पूरे विश्व में ख्याति मिली है। इस ख्याति को वे भगवान श्रीकृष्ण की इस कर्मस्थली पर गीतों के माध्यम से बिखेरना चाहते हैं।
श्रीकृष्ण प्रेमी कहने पर होता है गर्व
फिरोज खान ने बताया कि कुरुक्षेत्र में आने के बाद उन्हें महाभारत काल की याद आ जाती है। वे अपने आप को अर्जुन सा तीरंदाज और श्रीकृष्ण प्रेमी कहने पर गौरवान्वित महसूस करते हैं।
वे दूसरी बार कुरुक्षेत्र में आए हैं। इससे पहले भी उन्हें गीता जयंती पर्व में आने का मौका मिला था। उन्होंने क्राफ्ट मेले में कश्मीरी कहवा, राजस्थानी लड्डु, गोहाना की जलेबी आदि की सराहना की।