कुरुक्षेत्र। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की मांग पर विद्यार्थियों की भूख हड़ताल जारी है। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की हरियाणा राज्य कमेटी ने इसे समर्थन दिया है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने धरनास्थल पर पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
विज्ञापन
विद्यार्थियों ने बताया कि हरियाणा में वक्फ बोर्ड द्वारा संचालित इस एकमात्र शैक्षणिक संस्थान में सुविधाओं का भारी अभाव है। कक्षा कक्ष के दरवाजे टूटे हैं, शौचालयों की सफाई नहीं होती और भवनों की मरम्मत नहीं कराई जा रही। पुस्तकालय में पुस्तकों व आधुनिक संसाधनों की कमी है। खेल मैदान, प्रेक्षागृह और साझा कक्ष जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। शिक्षकों को भी समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। प्रशासन की अनदेखी से मजबूर होकर उन्हें भूख हड़ताल शुरू करनी पड़ी। एसएफआई के राज्य अध्यक्ष अक्षय माहला ने इसे विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक अधिकार बताया।