केयू गर्ल्स हॉस्टल में सालाना डीजे नाइट के बाद डीजे को लेकर चीफ वार्डन और छात्राओं में विवाद हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि डीजे नाइट के दो दिन बाद शुक्रवार को देर रात चीफ वार्डन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। हॉस्टल की करीब एक हजार लड़कियों ने हॉस्टल के गेट पर जमा होकर चीफ वार्डन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्राओं का आरोप है कि चीफ वार्डन ने छात्राओं के डांस को लेकर गंदे शब्द का प्रयोग किया और डीजे एक घंटे में ही बंद करा दिया। छात्राओं ने शुक्रवार रात करीब 11 बजे तक जमकर प्रदर्शन किया और फोन पर रजिस्ट्रार का आश्वासन मिलने के बाद ही धरना खत्म किया। इधर चीफ वार्डन ने रात दस बजे तक डीजे बजाने के नियम का हवाला देकर विरोध को गलत बताया है।
इनसो की नेशनल गर्ल्स कोऑर्डिनेटर और हॉस्टल की छात्रा मंजू जाखड़ ने बताया कि बुधवार को हॉस्टल में डीजे नाइट का कार्यक्रम था। इसमें चीफ वार्डन सुषमा शर्मा को चीफ गेस्ट के तौर पर बुलाया गया था। मैडम रात नौ बजे आईं और कुछ देर बाद वहां से चली गईं। छात्राओं का कहना है कि उनके देर से आने से कार्यक्रम भी देर से शुरू हुआ। छात्राओं ने आरोप लगाया कि एक घंटे बाद ही मैडम में डीजे बंद करने के लिए कह दिया। जब कुछ छात्राओं की प्रस्तुतियां शेष रहने की बात कही तो मैडम ने डांस को लेकर गंदे शब्द का प्रयोग किया और कहा कि आप तो रात भर नाचते रहोगे। इस बात को लेकर छात्राओं में खासी नाराजगी थी। यह विवाद पिछले दो दिन से चल रहा था। शुक्रवार शाम को इसी बात को लेकर फिर से विवाद शुरू हुआ तो छात्राएं एकजुट होकर हॉस्टल से बाहर आ र्गइं और चीफ वार्डन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
इस्तीफे की मांग
इनेसो के पदाधिकारी जसविंदर खेरा और अन्य इनसो नेताओं ने भी छात्राओं के समर्थन में आवाज उठा दी। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। छात्राओं ने हॉस्टल गेट पर धरना दे दिया और चीफ वार्डन के इस्तीफे की मांग पर अड़ र्गइं। मौके पर चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर अनिल वशिष्ट, सहित अन्य सुरक्षाकर्मी भी पहुंचे। जब मामला बढ़ने लगा तब चीफ वार्डन ने अपने शब्द पर खेद जताया और माफी मांगी लेकिन छात्राएं इस्तीफे की मांग पर अड़ी रहीं। इसके बाद खेरा ने रजिस्ट्रार प्रवीण कुमार से फोन पर बात की। उन्होंने लाउड स्पीकर ऑन करवा कर छात्राओं को आश्वासन दिया कि वे सुबह दस बजे कुलपति से छात्राओं की मुलाकात करा देंगे। इस आश्वासन के बाद छात्राओं ने धरना खत्म किया। इधर चीफ वार्डन सुषमा शर्मा का कहना था कि नियमानुसार रात दस बजे बाद डीजे नहीं बजाया जा सकता है। इसलिए बंद कराया था। उनका कहना था कि विरोध साजिश के तहत किया जा रहा है।