कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के चुनाव जल्द कराए जाने की मांग को लेकर पंथक अकाली दल के बाद अब सिख समाज संस्था भी मुखर हो गई है। पंथक अकाली दल के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने 11 जून तक चुनाव कार्यक्रम घोषित करने के लिए प्रदेश सरकार को अल्टीमेटम दिया हुआ है। वहीं अब शुक्रवार को सिख समाज संस्था के अध्यक्ष दीदार सिंह नलवी ने 31 जुलाई तक का समय दिया है।
काम्बोज धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में नलवी ने कहा कि वर्तमान एडहॉक कमेटी का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार ने अभी तक नई स्थायी कमेटी के चयन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित नहीं किया है। इससे संगत में रोष है। उनके अनुसार यदि 31 जुलाई तक कार्यक्रम की घोषणा नहीं हुई तो संगत सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी और गुरुघरों की सेवा अपने हाथ में ले लेगी। जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले कमेटी के चुनाव के लिए कार्यक्रम तय किया था, जिसे उस समय बच्चों की परीक्षा और लोकसभा चुनाव के चलते स्थगित कर दिया था। अब लोकसभा चुनाव भी संपन्न हो चुके हैं और एडहॉक कमेटी का कार्यकाल भी खत्म हो चुका है। ऐसे में सरकार को तत्काल चुनाव कार्यक्रम घोषित करना चाहिए। यह संविधानिक संस्था है, जिसमें सरकार को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
नलवी ने वर्तमान कमेटी को निशाने पर लेते हुए कहा कि यह कमेटी गुरुघर के गुल्लक का दुरुपयोग कर रही है जबकि यह सब राशि गुरुघरों, स्कूल व अस्पतालों के निर्माण पर खर्च होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कमेटी की ओर से गुल्लकों के रुपयों का दुरुपयोग किया जा रहा है और यह सरकार भी जानती है। इसी के चलते ही पिछले दिनों कमेटी के खाते तक सीज किए गए। कमेटी गुरुघरों का प्रबंधन सही तौर पर करने में पूरी तरह असफल रही है।
उन्होंने कहा कि यहां तक कि सभी गुरुघरों व मीरी-पीरी मेडिकल कॉलेज को भी आज तक कमेटी अपने अधीन नहीं ले पाई है। ऐसे में संगत में भारी रोष बना हुआ है और हर कोई इंतजार में है कि जल्द से जल्द चुनाव हो ताकि चयन की गई स्थायी कमेटी यह प्रबंधन सही तरीके से चला सके।
नलवी ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी, गुरुद्वारा चुनाव आयोग व मुख्य सचिव को भी चुनाव जल्द कराने को लेकर पत्र लिखा है। इस मौके पर डॉ. राजिंदर सिंह भट्टी, दयासिंह संधू, कुलवंत सिंह नगला, बलजिंद्र सिंह पिपली, गुरमीत सिंह सीवन, अमनदीप कौर सिरसा, दर्शन कौर कालांवाली, बलजिंद्र सिंह बीर रानियां, इकबाल सिंह साहू हिसार, रणजीत सिंह यमुनानगर, इंद्रजीत सिंह, गुरमेल सिंह संधू सहित अन्य मौजूद रहे। उनके अनुसार कमेटी के चुनाव को लेकर संगत में उत्साह है। उनकी संस्था से 40 हलके में से 27 उम्मीदवार सामने आ चुके हैं। बाकी 13 उम्मीदवार भी जल्द सामने आएंगे।