कुरुक्षेत्र। परिवहन विभाग ने उमरी चौक पर प्रदेशभर की सभी बसों के ठहराव के आदेश दिए है। आदेश का पालन भी होना लगा है पर ये आदेश इन दिनों कर्मचारियों के गले की फांस बन गए है। वजह, ई-टिकटिंग मशीन में यह स्टॉपेज ही नहीं। उमरी चौक से यात्रियों की टिकट ही नहीं बन पा रही। मशीन में विकल्प न होने का खामियाजा कर्मचारियों को झेलना पड़ रहा है।
चेकिंग स्टाफ दिल्ली की और से आने वाली बसों को पिपली में चैक कर रहा है। उमरी चौक से बैठी सवारी चेकिंग स्टाफ को बिना टिकट मिलती है। यात्री तो यह कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं कि कंडक्टर ने उन्हें टिकट नहीं दी। ऐसे में चेकिंग स्टाफ सदस्य कर्मचारियों को चार्ज शीट कर रहे हैं। परिचालकों का कहना है कि नीलोखेड़ी के बाद बस का पिपली स्टॉपेज है। अगर कोई सवारी उमरी से चढ़ती है तो उसका नीलोखेड़ी से टिकट बनाने को बोला जाता है लेकिन सवारी टिकट नहीं लेती। सवारी उनके साथ उलझती है।