लाडवा। कस्बे के गांव खेड़ी दाबदालान में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग लगने से घर में रखे फ्रीज, टीवी, बेड, कपड़े तथा बाइक सहित अनाज की टंकी भी आग की भेंट चढ़ गई। जैसे ही पड़ोसियों को घर से धुंआ निकलता दिखाई दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को सूचित कर ग्रामीणों की सहायता से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना के समय पूरा परिवार अपनी रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से कुछ देर पहले ही निकला था। ग्रामीणों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। गांव निवासी इरशाद ने बताया वह वीरवार सुबह अपने परिवार सहित गांव शादीपुर यमुनानगर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वह शादीपुर गांव में पहुंचा ही था कि ग्रामीणों ने फोन कर बताया कि उसके घर में आग लग गई है। वह उसी समय वापस घर लौटा तो घर में रखा सारा सामान आग की भेंट चढ़ चुका था। मकान की कड़ियां भी जल गई जिस कारण उसका पूरा परिवार सड़क पर आ गया।