कुरुक्षेत्र। व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की आपूर्ति पर लगी रोक हट गई है। इससे होटल, ढाबा और छोटे खानपान कारोबारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है। पिछले करीब दो माह से गैस की किल्लत से उन्हें भारी परेशानी हो रही थी।
कई दुकानदारों को महंगे विकल्प अपनाने पड़े थे। कुछ को ग्राहकों की मांग के बावजूद सीमित स्तर पर ही कारोबार चलाना पड़ा। अब आपूर्ति बहाल होने से कारोबार में फिर से रफ्तार पकड़ने की उम्मीद जगी है। रेलवे सड़क, सेक्टर-17, पिपली सड़क और बस स्टैंड के आसपास के संचालकों ने राहत जताई। ढाबा संचालक गुलशन ने बताया कि गैस की कमी से रोजमर्रा का काम प्रभावित हो रहा था। ग्राहकों को भी इंतजार करना पड़ता था, जिससे कारोबार पर सीधा असर पड़ा। पिपली सड़क के होटल संचालक अवतार सिंह ने कहा कि अब रसोई का काम सुचारू रूप से चलेगा। ग्राहकों को बेहतर सेवा मिलेगी। बढ़ती लागत और गैस की अनुपलब्धता ने आर्थिक दबाव बढ़ा दिया था। यह आपूर्ति बहाल होना उनके लिए बड़ी राहत है। व्यापारियों को उम्मीद है कि भविष्य में आपूर्ति बाधित नहीं होगी।