कुरुक्षेत्र। स्कूलों में मिड डे मील बना रही मिड डे मील वर्कर्स को पिछले करीब छह माह से मानदेय नहीं मिल रहा है, जिसके चलते रोष बना हुआ है। ऐसे में अब 28 अप्रैल को वर्कर्स हड़ताल पर उतरेंगी।
इस आंदोलन को सफल बनाने को लेकर बुधवार को मिड डे मील वर्कर्स यूनियन की जिला प्रधान आशा की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें पूरे हालात पर चर्चा की गई। बैठक के बाद जिला सचिव रोशनी देवी, जिला कोषाध्यक्ष लाल देवी, सीटू की जिला प्रधान रानी देवी व जिला सचिव अनिल कुमार ने कहा की कि मानदेय न मिलने से वर्करों को गुजर-बसर करना मुश्किल हो रहा है।
उनके अनुसार 13 अप्रैल को प्रदेश सरकार व विभाग को नोटिस दिया था। 18 अप्रैल को भी राज्य भर में प्रदर्शन की कार्रवाई की गई थी। 20 अप्रैल को यूनियन का प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री कंवर पाल सिंह से भी मिला था। उन्होंने कहा था की जल्द ही मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा। लेकिन उनके आश्वाशन देने के बावजूद आज 6 महीने का मानदेय अभी तक भी जारी नहीं हुआ है। मिड डे मील कुक के सब्र का बांध टूट रहा है। इसलिए कल 28 अप्रैल को जिला की सभी मिड डे मील वर्कर्स स्कूल में खाना नहीं बनाएंगी। जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करेंगी।