कुरुक्षेत्र। गांव थाना में 30 वर्षीय सोनू की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने रविवार को दोबारा से घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही पुलिस ने गांव में कई जगह से सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली। पुलिस गहनता से मामले की छानबीन में जुटी है। वहीं पुलिस को सोनू की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सोनू की मौत के कारण उजागर होंगे।
बता दें शनिवार सुबह होमगार्ड के जवान पदम कुमार के छोटे भाई सोनू का शव गांव के ही श्मशान घाट में एक चिता की राख से नग्न अवस्था में बरामद हुआ था। पास में ही सोनू के कपड़े पड़े हुए थे। पुलिस ने पदम के बयान पर इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया था।
खंगाली सीसीटीवी फुटेज
थाना सदर पिहोवा प्रबंधक जगदीश टामक ने बताया कि रविवार को पुलिस ने गांव में कई लोगों से पूछताछ की। साथ ही पुलिस ने गांव में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है। इस मामले में अभी कुछ भी कहना मुश्किल है। आज सोमवार को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आएगी। उस आधार पर पुलिस अगली कार्रवाई करेगी।