जगाधरी। सदर जगाधरी के काठवाला गांव के पास बाइक सवार दो युवकों ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक सवार युवक ने कार चालक की कनपटी पर पिस्तौल तानकर गाली गलौज की।
बाल छप्पर निवासी नितिन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जगाधरी आया था। जगाधरी से देर शाम वह अपने मामा के घर छज्जू गांव जा रहा था। जब वह काठवाला गांव के पास पहुंचा तो सामने से बाइक पर दो युवक आए। युवक नशे में धुत थे। आरोप है कि उन्होंने नशे में उसकी कार को अपनी बाइक की टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही वह बोनट पर जा गिरे। जब उनसे बात करने लगा तो आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज की। उसकी कनपटी पर पिस्टल तान दी और बहस बाजी की। आरोपियों ने उससे गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हुए। लोगों ने उसे आरोपी युवकों से बचाया। यहां से वह कार लेकर चल दिया तो युवकों ने दोबारा फिर उसका पीछा किया। किसी तरह से उसने जान बचाई। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। थाना सदर जगाधरी पुलिस ने अज्ञात दो युवकों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।